उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर तेज, दक्षिण में बारिश का दौर जारी

उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर तेजी से बढ़ने लगा है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों में बरसात का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 17 नवंबर की शाम तक एक प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से आज दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
देश की राजधानी दिल्ली में आज हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। यहाँ अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। राजधानी में आगामी 22 नवंबर तक हल्के कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी कोहरे का असर दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय घने कोहरे के कारण परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश में कुछ स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी दी है, विशेषकर सुबह और रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। बिहार में सुबह और रात के समय ठंड का अहसास होने लगा है और कई जिलों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।
राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से सर्दी का असर और तेज होने की उम्मीद है। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, हालांकि फिलहाल यहाँ बारिश की कोई संभावना नहीं है। मध्य प्रदेश में आज किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है और सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा, जहाँ सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास होगा।

गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है, जबकि राज्य में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में कल कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है और अगले कुछ दिनों तक मौसम की यह गतिविधि जारी रह सकती है। असम और मेघालय में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 19 नवंबर से दोनों राज्यों में बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में कल कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत के केरल और माहे में आज कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ठंड बढ़ गई है। उत्तराखंड में आज सभी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। दो दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद आज सुबह केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तापमान माइनस में दर्ज किया गया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी, केलंग और कल्पा में भी तापमान माइनस में पहुंच गया है।