राजनीति

यूपी चुनाव 2027: सपा और कांग्रेस के बीच आज दिल्ली में सीट बंटवारे पर होगी अहम चर्चा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू होगी। प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करते हुए अपनी सूची सौंपी है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव का कहना है कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जिस पार्टी की जीतने की स्थिति मजबूत होगी, उसी के आधार पर सीट दी जाएगी।

इस बीच कांग्रेस ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नई दिल्ली स्थित 10, राजाजी मार्ग पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

image

बैठक में कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

image

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं और वे सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित समुदायों के अधिकारों की मजबूत सुरक्षा की अपेक्षा कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।

कांग्रेस ने आगामी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए सोमवार को पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन पैनलों का नेतृत्व करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

image

घोषित राज्यवार कमेटियों के विवरण के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन बनाए गए हैं, जबकि असलम शेख और बी.वी. श्रीनिवास को इसके सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

इसके अलावा पंजाब के लिए डॉ. सिरिवेलला प्रसाद की अध्यक्षता में कमेटी बनी है जिसमें सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य हैं। उत्तराखंड के लिए दीपा दासमुंशी की अध्यक्षता वाले पैनल में अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया को रखा गया है। गोवा के लिए के.जे. जॉर्ज अध्यक्ष हैं तथा सतेज डी. पाटिल और शफी परम्बिल सदस्य हैं। मणिपुर के लिए बी.एम. संदीप को अध्यक्ष बनाया गया है और हिबी ईडन तथा राजेश ठाकुर इसके सदस्य हैं।

मंगलवार को होने वाली इस बैठक के बाद उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Back to top button