ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा बस हादसा, खाई में गिरने से 8 लोगों की मौत और 19 घायल

उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 19 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे मुनि की रेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हुआ। विश्वनाथ सेवा की यह बस हरिद्वार से चलकर चमोली के जोशीमठ की ओर जा रही थी। बस में शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सफर के दौरान बस अचानक अनियंत्रित हुई और पुल से नीचे एक छोटी नदी में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा खाई में गिरने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुँचीं। SDRF की टीमों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दुर्घटना में घायल हुए सभी 19 लोगों को त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक घायलों में एक 3 साल की बच्ची समेत कुल 13 लोगों की पहचान की जा चुकी है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन और राहत दलों द्वारा घटनास्थल पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।