ताज़ा खबरें
हापुड़ में मरीज की एंबुलेंस को नहीं दिया रास्ता, थार की छत पर चढ़कर करते रहे डांस

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मरीज को अस्पताल ले जा रही एक एंबुलेंस को कथित तौर पर रास्ता नहीं दिया गया। इस दौरान एंबुलेंस लगातार अपना सायरन बजाती रही, लेकिन उसके आगे चल रही महिंद्रा थार गाड़ी में सवार कुछ युवक गाड़ी की छत पर चढ़कर बेपरवाह होकर डांस करते नजर आए।
यह पूरी घटना ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह शर्मनाक वाकया हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के बछरौता इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद से आम लोगों के बीच भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और इस तरह के लापरवाह बर्ताव पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।