ताज़ा खबरें

बालाघाट एयर होस्टेस हत्याकांड: 60 लाख के प्लॉट का विवाद और कॉलेज फ्रेंड नितेश पर शक, पति ने खोले राज

बालाघाट जिले की 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की सनसनीखेज हत्या के मामले में पैसों के विवाद और गहरी साजिश का खुलासा हुआ है। दीपावली की छुट्टियां मनाने अपने मायके (बालाघाट जिले के ग्राम किन्ही) आई वर्षा की हत्या के बाद आरोपी नितेश अग्रवाल के बदलते बयानों और लूटपाट के झूठे दावों से इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई अनसुलझे सवाल खड़े हो गए हैं। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की पुलिस इस मामले की संयुक्त जांच कर रही है।

घटना 14 नवंबर की शाम की है, जब वर्षा अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ खैरलांजी स्थित अपनी बहन की कपड़े की दुकान पर थीं। इसी दौरान उनका पुराना कॉलेज फ्रेंड और गोंदिया (महाराष्ट्र) निवासी नितेश अग्रवाल अपनी वीआईपी नंबर की कार लेकर वहां पहुंचा। नितेश बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान खरीदने के बाद वर्षा को घूमने के लिए राजी कर ले गया। इसके बाद वे दोनों महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे शिव मंदिर के पीछे जंगल में पहुंचे।

image

शाम करीब 5:53 मिनट पर नितेश ने वर्षा के बहनोई अश्विनी को फोन कर जानकारी दी कि उनके साथ लूटपाट हुई है और वर्षा तथा उसे चाकू मारे गए हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वर्षा खून से लथपथ बेहोश मिलीं और नितेश कुछ दूरी पर खड़ा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में आरोपी नितेश ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए लूटपाट और एक्सीडेंट की झूठी कहानियां गढ़ीं। उसने दावा किया था कि गले की चेन छीनी गई है। हालांकि, पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि वर्षा के गले की सोने की चेन, उंगली की अंगूठी और कानों के बाले पूरी तरह सुरक्षित मिले। उनके शरीर पर किसी संघर्ष या छीना-छपटी के निशान नहीं थे। खैरलांजी थाने के एएसआई और विवेचक फूलचंद गजभिए के मुताबिक, वर्षा के शरीर पर धारदार हथियार (चाकू) के तीन गहरे घाव मिले हैं—एक पेट पर और दो पीठ पर। ये तीनों घाव लगभग एक समान हैं, जो यह इशारा करते हैं कि हमलावर ने पूरी योजना के साथ सुनियोजित तरीके से वार किया था।

image

परिजनों और पति समर सैयद (जो खुद इंदौर में एयरलाइंस में नौकरी करते हैं) ने इस पूरी घटना के केंद्र में पैसों के विवाद को रखा है। कुछ समय पहले वर्षा ने नागपुर में अपना एक प्लॉट करीब 50 से 60 लाख रुपये में बेचा था। आरोप है कि इस रकम का एक बड़ा हिस्सा (करीब 20 लाख रुपये) बिजनेस में लगाने के लिए नितेश अग्रवाल ने लिया था। जब भी वर्षा अपने फ्लैट खरीदने या अन्य जरूरतों के लिए नितेश से पैसे मांगती थी, तो वह टालमटोल करता था। पति समर का यह भी आरोप है कि पैसों के इसी विवाद को लेकर नितेश अक्सर वर्षा को फोन पर गालियां देता था और दोनों के बीच तनाव चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर नर्सों के पूछने पर नितेश ने पहले सड़क दुर्घटना होने की बात कही थी, जबकि बाद में उसने लूटपाट की कहानी सुनाई। उसके शरीर पर खरोंच तक का न होना उसकी नीयत पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि नितेश अग्रवाल एक रसूखदार व्यक्ति है और उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर राजनीतिक हस्तियों और बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें हैं, जिसके चलते परिवार को डर है कि कहीं मामले को दबाने की कोशिश न की जाए।

image

चूंकि घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र का है और घायल अवस्था में वर्षा को मध्य प्रदेश के खैरलांजी अस्पताल लाया गया था, इसलिए दोनों राज्यों की पुलिस समन्वय बनाकर जांच कर रही है। महाराष्ट्र पुलिस ने नितेश अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी है, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी मुख्य हत्यारे और सटीक मकसद से पर्दा पूरी तरह उठना बाकी है। पुलिस की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट और महाराष्ट्र पुलिस की पूछताछ के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस खौफनाक साजिश के पीछे असल मास्टरमाइंड कौन है।

Back to top button