भारत समाचार

दिल्ली के शाहदरा में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा, तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार को यहां एक दो मंजिला मकान की छत ढह गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, थाना विवेक विहार को सुबह करीब 10:09 बजे मकान गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। खबर मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर मलबे से कुल सात लोगों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया।

image

अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान तीन साल की बच्ची खुशबू और 35 वर्षीय युवक पिंटू के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में आकाश (25), लड्डू उर्फ देवांश (27), विकास (35) और दिलीप (22) घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग इस मकान में किराए पर रहते थे।

हादसे के शिकार हुए इस मकान के बारे में बताया जा रहा है कि यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। शाहदरा के ज्वाला नगर में हुए इस मकान की छत गिरने के मामले में डीएम अजय ने भी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि यह मकान करीब 40 साल पुराना था। इसके अलावा, इमारत के रेलवे ट्रैक के पास स्थित होने के कारण वहां होने वाले बार-बार कंपन से इसके कमजोर होने की बात भी सामने आ रही है।

image

घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मलबे को हटाने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि अंदर कोई और न फंसा हो, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Back to top button