किआ सोरेंटो ने भारतीय बाजार में मचाया धमाल, दो महीने में बिक्री 4,500 के पार

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में किआ की नई प्रीमियम एसयूवी सोरेंटो (Kia Sorento) ने बेहद शानदार शुरुआत की है। सितंबर महीने में लॉन्च होने के बाद से इस गाड़ी की बिक्री 4,500 यूनिट के पार पहुंच गई है। दमदार इंजन, हाइब्रिड तकनीक, आधुनिक फीचर्स और बेहतर सुरक्षा मानकों के दम पर यह एसयूवी ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत जगह बनाने में सफल रही है।
खास बात यह है कि बेहद कम समय में सोरेंटो देश के 4.5 से 5 मीटर लंबाई वाले एसयूवी सेगमेंट की टॉप-10 सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियों में शामिल हो गई है। इसके साथ ही, यह भारत में किआ की चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई है। किआ सोरेंटो प्रीमियम 3-रो एसयूवी और एमपीवी सेगमेंट के अंतर्गत आती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर (Toyota Fortuner), स्कोडा कोडिएक, वोक्सवैगन टायरोन और जीप मेरिडियन जैसी दिग्गज गाड़ियों से है।

किआ ने सितंबर में सोरेंटो को भारतीय बाजार में उतारा था। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत डीजल मॉडल के लिए 27.99 लाख रुपए और हाइब्रिड मॉडल के लिए 29.49 लाख रुपए तय की गई है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, अकेले अक्टूबर महीने में सोरेंटो की 2,148 यूनिट्स बिकी थीं, जो उस महीने किआ की कुल बिक्री का 6.42 प्रतिशत हिस्सा थीं। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में उसकी कुल बिक्री में सोरेंटो की हिस्सेदारी बढ़कर 10 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी इस एसयूवी के साथ कुछ खास योजनाएं भी पेश कर रही है, जिसमें एक विशेष बायबैक प्रोग्राम शामिल है। इस योजना के तहत ग्राहक तीन साल बाद अपनी कार की कीमत का 70 प्रतिशत तक वापस पा सकते हैं। यह उन ग्राहकों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है जो कुछ समय बाद अपनी गाड़ी बदलना चाहते हैं।

इसके अलावा, किआ ने सोरेंटो खरीदारों के लिए प्रीमियम सर्विस प्रोग्राम भी शुरू किया है। इसके अंतर्गत ग्राहकों को एक समर्पित सर्विस एडवाइजर दिया जाता है, जो गाड़ी की सर्विस से जुड़ी पूरी प्रक्रिया में मदद करता है। ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर सर्विस अपॉइंटमेंट और गाड़ी को घर से लाने व वापस छोड़ने की सुविधा भी मिलती है। साथ ही, कुछ तय सर्विस और मेंटेनेंस कार्यों के लिए 90 मिनट की एक्सप्रेस सर्विस भी दी जा रही है, जिसका उद्देश्य खरीद के बाद ग्राहकों को बेहतर अनुभव कराना है।
सोरेंटो को कंपनी ने डीजल और हाइब्रिड, दोनों इंजन विकल्पों के साथ उतारा है। इसके डीजल मॉडल में 2.2 लीटर का इंजन दिया गया है, जो 193 पीएस की पावर और 442 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 8-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। वहीं, हाइब्रिड मॉडल में 1.6 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 180 पीएस की पावर देता है। इसके साथ 65 पीएस की इलेक्ट्रिक मोटर भी जोड़ी गई है और इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। इसकी एआरएआई प्रमाणित माइलेज 19.6 किलोमीटर प्रति लीटर है।

खास बात यह है कि दोनों ही इंजन विकल्पों के साथ ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलता है। कंपनी का दावा है कि इस सेगमेंट में हाइब्रिड इंजन के साथ ऑल-व्हील ड्राइव देने वाली यह पहली एसयूवी है।