स्वास्थ्य

बढ़ते प्रदूषण से कैंसर मरीजों की कीमोथेरेपी में हो रही देरी, डॉक्टरों ने जताई चिंता

दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण आम लोगों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। खासकर कैंसर के मरीजों पर इसका सबसे बुरा असर पड़ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक प्रदूषण के कारण इन मरीजों का समय पर इलाज और कीमोथेरेपी नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी बीमारी के और अधिक गंभीर होने का खतरा पैदा हो गया है।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण कैंसर रोगियों को खांसी और सांस लेने में गंभीर परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में मौजूद जहरीली गैसें और सूक्ष्म कण शरीर के भीतर जाकर फेफड़ों में सूजन पैदा करते हैं, जो न रुकने वाली खांसी का मुख्य कारण बनती है। विभिन्न अध्ययनों से यह भी पता चलता है कि जो कैंसर मरीज दूषित हवा के संपर्क में रहते हैं, उनके इलाज के परिणाम उन मरीजों की तुलना में काफी खराब होते हैं जो प्रदूषण से सुरक्षित रहते हैं।

आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट और ऑन्कोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. परवीन जैन ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि प्रदूषण के कारण कई कैंसर मरीजों को लगातार खांसी और सांस फूलने की समस्या हो रही है। ऐसी शारीरिक स्थिति में मरीजों को कीमोथेरेपी देना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है, जिसके चलते उनके इलाज में लगातार देरी हो रही है।

डॉ. जैन के अनुसार, कीमोथेरेपी का प्रत्येक चक्र अपने तय समय पर होना अत्यंत आवश्यक होता है। यदि उपचार में एक बार भी देरी हो जाती है, तो पूरा चिकित्सीय योजना प्रभावित हो जाती है और मरीजों के लक्षण बढ़ने का जोखिम भी काफी बढ़ जाता है। प्रदूषण केवल खांसी जैसी समस्या ही पैदा नहीं कर रहा, बल्कि यह कैंसर के इलाज का सबसे कीमती समय भी छीन रहा है।

विशेषज्ञों ने इस खतरनाक माहौल से बचने के लिए मरीजों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

1. सुबह और शाम के समय जब प्रदूषण का स्तर अपने चरम पर होता है, तब घर से बाहर निकलने से बचें और इस दौरान मॉर्निंग वॉक बिल्कुल न करें।
2. घरों के भीतर HEPA फिल्ट्रेशन वाले अच्छे एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें, जो आसपास की हवा में मौजूद PM 2.5 के स्तर को कम करने में मददगार होते हैं।
3. यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े, तो अच्छी तरह फिट होने वाला N95 मास्क ही पहनें। इस जहरीले प्रदूषण में कपड़े या सामान्य सर्जिकल मास्क पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते हैं।

इसके अलावा, डॉक्टरों ने यह भी चेतावनी दी है कि मौजूदा प्रदूषण के स्तर से केवल कैंसर ही नहीं, बल्कि हृदय घात (हार्ट अटैक) और मधुमेह (डाइविटिज) जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी काफी बढ़ गया है, विशेष रूप से उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से ही सांस फूलने या खांसी की शिकायत है।

Back to top button