लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त

रुपए की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को चुनिंदा खरीदारी के बीच प्रमुख शेयर सूचकांकों में लगातार दूसरे दिन सुधार जारी रहा। सावधानी भरे कारोबारी वातावरण के बीच बैंकिंग, वित्तीय सेवा और वास्तविक अर्थव्यवस्था की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में निवेशकों का समर्थन था, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी के शेयरों में रुख मिला-जुला रहा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 प्रमुख शेयरों वाला सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत सुधरकर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोमवार को बाजार 82,104.79 अंक पर बंद हुआ था। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स 82,150.62 अंक पर खुलने के बाद ऊपर में 82,897.49 अंक और नीचे में 82,091.90 अंक तक गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 शेयर लाभ में और 12 शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में एक्सिस बैंक 2.08 प्रतिशत, रिलायंस 2.01 प्रतिशत, एसबीआई 1.74 प्रतिशत, टीसीएस 1.67 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 1.56 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.49 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। इनके अलावा एशियन पेंट्स, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, मारुति और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी बढ़त में रहे।
दूसरी ओर, गिरावट का सामना करने वाले प्रमुख शेयरों में एचसीएल टेक 1.95 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि पावर ग्रिड 1.53 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.43 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.20 प्रतिशत और आईटीसी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। ट्रेंट, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, बीईएल और भारतीय एयरटेल के शेयर भी नुकसान में रहे।

क्षेत्रीय सूचकांकों की बात करें तो बीएसई बैंकेक्स 1.18 प्रतिशत के लाभ में रहा, जबकि बीएसई आईटी सूचकांक में 0.63 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी पिछले सत्र की तुलना में 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत बढ़कर 25,387.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 25,277.30 अंक पर खुलने के बाद ऊंचे में 25,501.35 अंक और नीचे में 25,267.30 अंक तक गया।
पीएच कैपिटल के मुख्य व्यवसाय अधिकारी (एडवाइजरी एवं डीलिंग) विक्रम कसात ने एक टिप्पणी में कहा कि भारतीय शेयर बाजार में आई रिकवरी यह संकेत देती है कि घरेलू निवेशकों का भरोसा और बाजार की अंतर्निहित मजबूती अभी भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग, रियल्टी और चुनिंदा साइक्लिकल शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है, हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों का अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन दर्शाता है कि निवेशक अभी व्यापक स्तर पर जोखिम लेने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ब्रेंट क्रूड के 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती से व्यापक आर्थिक मोर्चे पर कुछ राहत मिली है, क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था आयातित ऊर्जा पर काफी हद तक निर्भर करती है।
इस बीच, बाजार में सोने की कीमत लगभग 1,34,423 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1,69,710 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास बनी रहीं। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कीमती धातुओं की मांग लगातार बनी हुई है।

सोमवार, 16 नवंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ओर से 4,865 करोड़ रुपए की खरीदारी बाजार के लिए उत्साहजनक संकेत रही, हालांकि बाजार की तेजी को बनाए रखने के लिए संस्थागत निवेशकों की निरंतर भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के अनुसंधान प्रमुख एवं विश्लेषक विनोद नायर ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी दर्ज की गई। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भारत की तुलनात्मक व्यापक आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान की है।

बाजार में विदेशी निवेशक लगातार शुद्ध खरीदार बने हुए हैं और उनका झुकाव मुख्य रूप से लार्जकैप शेयरों की ओर रहा है। बैंकिंग शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जिसके चलते बैंकिंग सूचकांक ने नया उच्च स्तर छुआ। इसके अलावा ऑटोमोबाइल और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई।
इसके विपरीत, वैश्विक स्तर पर महंगे एआई से जुड़े निवेशों में मुनाफावसूली के कारण आईटी सेक्टर का प्रदर्शन कमजोर रहा। साथ ही, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी सीमित गतिविधियां देखने को मिलीं।

भारत में महंगाई दर के बढ़ने, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की बढ़ती आशंकाओं और एनविडिया के तीसरी तिमाही के नतीजों से पहले बनी अनिश्चितता के कारण बाजार में कुछ चिंताएं भी हैं, जिनका मुकाबला घरेलू कंपनियों के दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजों से बने ऊंचे आधार से हो रहा है।