स्वास्थ्य

ग्रेटर नोएडा के रूपवास गांव में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत, मातम

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दादरी क्षेत्र के रूपवास गांव में महज 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। इनमें से कुछ की मौत की वजह ब्रेन हेमरेज और कुछ की हार्ट अटैक बताई जा रही है। एक के बाद एक हुई इन तीन घटनाओं से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात से रविवार रात के बीच गांव में तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान जिग्राम, सुंदर कालसन और डॉक्टर असकरण चौधरी के रूप में हुई है। सोमवार की सुबह इन तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। अचानक हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में दुख का माहौल है।

image

ग्रामीणों ने बताया कि तीनों मृतकों की उम्र लगभग 60 से 70 वर्ष के बीच थी। इसके अलावा, गांव के एक अन्य व्यक्ति को भी दिल का दौरा पड़ा है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक ही गांव में इतने कम समय में तीन लोगों की मौत और एक अन्य व्यक्ति की तबीयत गंभीर होने से ग्रामीण भी अब काफी चिंतित हैं।

फिलहाल गांव के लोग पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जता रहे हैं और इस तरह लगातार सामने आ रहे स्वास्थ्य मामलों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Back to top button