गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नेचर घायल अवस्था में गिरफ्तार, साथी फरार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लोनी पुलिस ने चिरोड़ी बाजार में एक महिला से चेन छीनने की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को रविवार को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस, चोरी की गई बाइक और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 नवंबर की है जब लोनी थाना पुलिस की टीम चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश बाइक पर सवार होकर बागपत की तरफ से आ रहे हैं। कुछ देर बाद पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार नेवला भट्टी गांव की तरफ नहर की पटरी की ओर भागने लगे।

एसीपी लोनी राम किशन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो आरोपियों की बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला शामली के झिझाना का रहने वाला है। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस पूछताछ के दौरान घायल आरोपी दीपक ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी हरिप्रकाश (निवासी बिरालियान, थाना झिझाना, शामली) के साथ मिलकर कुछ दिन पहले चिरोड़ी बाजार में एक महिला से चेन छीनी थी।
फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी हरिप्रकाश की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने इस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में एक नया मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि चेन छिनैती के मामले में पहले से ही एक केस दर्ज था। इसके अलावा, पकड़े गए आरोपी दीपक के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में स्वाट टीम ग्रामीण जोन और लोनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।