TVS समूह में संपत्ति का विवाद गहराया, लक्ष्मी वेणु ने पिता को भेजा नोटिस

देश के बड़े कारोबारी परिवारों में शामिल TVS ग्रुप के भीतर संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद अब एक औपचारिक कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने परिवार की संयुक्त संपत्तियों और कारोबारी हिस्सेदारियों के औपचारिक बंटवारे की मांग करते हुए अपने पिता को नोटिस भेजा है। उनका कहना है कि परिवार के कारोबार और संपत्तियों में बेटियों को भी बेटों के बराबर अधिकार मिलना चाहिए। इस विवाद में उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन ने भी बेटी के दावे का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है।
भारत के प्रमुख ऑटोमोबाइल कारोबारी समूहों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से मतभेद चले आ रहे हैं। TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु का दावा है कि हिंदू उत्तराधिकार कानून के तहत उन्हें परिवार की संयुक्त संपत्ति में अपना कानूनी हिस्सा मांगने का पूरा अधिकार है। उनका आरोप है कि परिवार के कारोबारी हितों और संपत्तियों में उनके भाई सुदर्शन वेणु को प्राथमिकता दी गई, जबकि उनके अधिकारों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। यह मामला सिर्फ एक पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे TVS समूह की प्रमुख कंपनियों में परिवार की हिस्सेदारी और भविष्य के कारोबारी नियंत्रण पर भी असर पड़ सकता है।

लक्ष्मी वेणु ने परिवार की उन संपत्तियों और कारोबारी हिस्सेदारियों के बंटवारे की मांग की है, जो वेणु श्रीनिवासन परिवार के हिस्से में आती हैं। इनमें मुख्य रूप से समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी टीवीएस होल्डिंग्स, दोपहिया और तिahiya वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी, वित्तीय सेवाओं और लोन से जुड़ा कारोबार देखने वाली टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज, औद्योगिक और ऑटोमोटिव कंपोनेंट कारोबार से जुड़ी कंपनी सुंदरम क्लेटन, तथा परिवार के कारोबारी हितों से जुड़ा वीएस ट्रस्ट शामिल हैं। लक्ष्मी का कहना है कि इन संपत्तियों और कंपनियों में परिवार की हिस्सेदारी का उचित बंटवारा होना अभी बाकी है।
इस पूरे मामले को समझने के लिए वर्ष 2020 में हुए TVS परिवार के बड़े पुनर्गठन को भी देखना जरूरी है। वर्ष 2020 में परिवार की अलग-अलग शाखाओं के बीच कारोबार और संपत्तियों के आवंटन को लेकर एक व्यवस्था बनाई गई थी, जिसका मकसद विभिन्न पारिवारिक इकाइयों के बीच कारोबारी जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करना था। हालांकि, लक्ष्मी वेणु का कहना है कि 2020 में हुआ वह समझौता पूरे TVS परिवार की अलग-अलग शाखाओं के बीच था, जिससे वेणु श्रीनिवासन की अपनी शाखा के भीतर संपत्तियों का बंटवारा पूरा नहीं हुआ।

इसके अलावा, वर्ष 2024 में हुए एक अन्य समझौते को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन, लक्ष्मी वेणु और सुदर्शन वेणु के बीच एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) हुआ था, जिसके तहत अलग-अलग कारोबारों के प्रबंधन और ब्रांड से जुड़े अधिकारों की व्यवस्था तय की गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु के पास ऑटोमोबाइल कारोबार, TVS Motor और TVS Credit जैसे व्यवसायों की जिम्मेदारी है, जबकि वेणु श्रीनिवासन और लक्ष्मी वेणु सुंदरम-क्लेप्टन से जुड़े हैं और मल्लिका श्रीनिवासन तथा लक्ष्मी वेणु TAFE का प्रबंधन करती हैं। हालांकि, लक्ष्मी और मल्लिका का पक्ष है कि यह समझौता मुख्य रूप से ट्रेडमार्क, ब्रांड के इस्तेमाल और नॉन-कंप्लीट जैसी व्यवस्थाओं से जुड़ा था और इससे परिवार की संपत्तियों का अंतिम आर्थिक बंटवारा नहीं हुआ था। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से 2024 के इस MoU को पारिवारिक समझौते का हिस्सा माना गया है।
लक्ष्मी वेणु का यह भी आरोप है कि परिवार की संपत्तियों में आर्थिक हितों का बड़ा हिस्सा उनके भाई सुदर्शन वेणु के पक्ष में केंद्रित किया गया है। उनका तर्क है कि परिवार में कारोबार का प्रबंधन संभालना किसी एक सदस्य को पूरी संपत्ति का मालिक नहीं बना देता और बेटियों के संपत्ति अधिकारों को किसी एकतरफा फैसले या कारोबारी समझौते के जरिए खत्म नहीं किया जा सकता। हालांकि, ये सभी दावे और आरोप लक्ष्मी की ओर से किए गए हैं, जिनका अंतिम निर्धारण अभी होना बाकी है।

इस कानूनी विवाद के केंद्र में वर्ष 2005 में लागू किया गया हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 का संशोधन है। इस संशोधन के तहत हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) की सहदायिकी संपत्ति में बेटियों को भी बेटों के समान अधिकार दिए गए हैं, जिसके तहत बेटी को संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में जन्म से अधिकार मिलता है और शादी के बाद भी ये अधिकार समाप्त नहीं होते। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि इसका मतलब यह नहीं है कि हर पारिवारिक या व्यावसायिक संपत्ति पर बेटी को अपने आप बराबर हिस्सा मिल जाएगा, क्योंकि संपत्ति का स्वरूप, मालिकाना हक और पहले हुए वैध समझौते जैसे कानूनी पहलू भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस विवाद में लक्ष्मी वेणु को उनकी मां और TAFE की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मल्लिका श्रीनिवासन का खुला समर्थन मिला है। मल्लिका श्रीनिवासन का कहना है कि उनके लिए बेटा और बेटी दोनों बराबर हैं और लक्ष्मी को परिवार की संपत्ति में सुदर्शन के बराबर वैध अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।

इस बीच, विवाद के कानूनी रूप लेने के संकेत भी सामने आए हैं। अक्टूबर 2026 में परिवार के अलग-अलग सदस्यों की ओर से चेन्नई की सिटी सिविल कोर्ट और कमर्शियल कोर्ट में कैविएट दाखिल किए जाने की खबरें सामने आई थीं। अब लक्ष्मी वेणु द्वारा औपचारिक बंटवारे का नोटिस भेजे जाने से यह मामला और गंभीर हो गया है, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से यह कहा जा रहा है कि वे मामले का समाधान आपसी बातचीत और निष्पक्ष समझौते के जरिए चाहती हैं। TVS जैसी प्रतिष्ठित समूह में इस पारिवारिक और संपत्ति विवाद के कारण फिलहाल किसी कंपनी के परिचालन या वित्तीय प्रदर्शन पर प्रत्यक्ष असर पड़ने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन निवेशकों और बाजार की इस पर गहरी नजर बनी हुई है।