विश्व समाचार

बांग्लादेश: हिंदू भिक्षु चिन्मय ब्रह्मचारी को चटगांव से ढाका जेल भेजने पर विवाद, वकीलों ने जताई जान को खतरा

बांग्लादेश में हिंदू भिक्षु चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को अचानक चटगांव सेंट्रल जेल से ढाका जेल में ट्रांसफर किए जाने के बाद उनके वकीलों ने गंभीर स्वास्थ्य चिंताओं और विशेष शाकाहारी आहार की अनुपलब्धता पर गहरी आशंका जताई है।

चिन्मय कृष्ण के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने इस फैसले पर चिंता जताते हुए कहा कि उनके आध्यात्मिक गुरु चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को अचानक चटगांव सेंट्रल जेल से ढाका भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह एक संत और ब्रह्मचारी हैं जो पूरी तरह शाकाहारी हैं और वैष्णव परंपरा को मानते हैं, तथा अपना खाना खुद बनाए बिना भोजन नहीं करते हैं।

image

वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने आगे बताया कि उन्हें लिवर की एक गंभीर बीमारी है, जिसके कारण वह हर तरह का खाना नहीं खा सकते हैं। ढाका सेंट्रल जेल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए अब तक वह केवल फल ही खा पाए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इन परिस्थितियों में उनकी जान खतरे में हो सकती है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार की सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चिन्मय कृष्ण को चट्टोग्राम से ढाका ले जाया गया और उन्हें ले जाने वाली गाड़ी सुबह करीब 10 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंची। यह पूरा घटनाक्रम चिन्मय दास की जमानत याचिका पर 26 नवंबर 2024 को हुई सुनवाई के दौरान चटगांव कोर्ट परिसर में भड़की हिंसा से जुड़ा है।

image

उस हिंसा के दौरान वकील सैफुल इस्लाम को पीटा गया था और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना के संबंध में उनके पिता जमाल उद्दीन ने 31 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा पुलिस पर हमले, सरकारी काम में बाधा डालने, वकीलों और न्याय की मांग करने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट और पेट्रोल बम जैसे विस्फोटक फेंकने के आरोप में पांच और मामले दर्ज किए गए थे।

जांच प्रक्रिया के तहत 1 जुलाई 2025 को जांच अधिकारी ने चटगांव की कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें चिन्मय दास समेत 38 लोगों को आरोपी बनाया गया था। बाद में शिकायतकर्ता ने चार्जशीट के खिलाफ ‘नाराजी’ यानी अविश्वास याचिका दाखिल की। इसके बाद 25 अगस्त 2025 को कोर्ट ने सुकांत दत्ता समेत 39 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट स्वीकार कर ली। फिलहाल इस मामले में चटगांव डिविजनल स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

image

इससे पहले 31 अक्टूबर 2024 को चट्टोग्राम शहर के चांदगांव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले मोह्रा वार्ड BNP के तत्कालीन महासचिव फिरोज खान ने कोतवाली पुलिस स्टेशन में चिन्मय कृष्ण दास सहित 19 लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में राजद्रोह कानून के तहत मामला दर्ज कराया था। बाद में BNP ने फिरोज खान को उनके पद से हटा दिया था। इसी मामले के सिलसिले में 25 नवंबर 2024 को ढाका में चिन्मय दास को गिरफ्तार किया गया था।

Back to top button