बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ का खतरा, आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की आशंका

बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन ‘अक्वान’ तेजी से गंभीर रूप ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में बना यह चक्रवाती तूफान 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान (सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म) में बदल सकता है।
विभाग का अनुमान है कि 19 नवंबर की सुबह तक यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान (वेरी सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म) का रूप ले लेगा। इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और तूनी के बीच टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के 16 नवंबर को रात 11:30 बजे के अपडेट के अनुसार, साइक्लोन ‘अक्वान’ चेन्नई से 610 किलोमीटर पूर्व, त्रिंकोमाली से 630 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर से 790 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
दिलचस्प है कि इस साइक्लोन का नाम ईरान द्वारा रखा गया है। ‘अक्वान’ नाम की जड़ें फारसी पौराणिक कथाओं में हैं और यह ‘अक्वान-ए-दीव’ से जुड़ा है, जो मशहूर फारसी महाकाव्य ‘शाहनामा’ में एक राक्षस जैसा पात्र है। इस महाकाव्य की रचना फिरदौसी ने की थी।

मौसम विभाग ने 16 से 22 नवंबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है। दक्षिण भारत में केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 22 नवंबर को, जबकि तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 20 से 22 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 16 से 18 नवंबर और 21 नवंबर को, तथा रायलसीमा में 16 से 18 नवंबर और 21 से 22 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 19 से 22 नवंबर के बीच विभिन्न दिनों में बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत में 16 नवंबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर, विदर्भ में 19 से 21 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को, झारखंड में 20 से 21 नवंबर और ओडिशा में 19 से 22 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 से 17 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में अलग-अलग तारीखों पर बारिश का अनुमान जताया गया है।

बारिश के अलावा मौसम विभाग ने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। विभाग के मुताबिक, 17 से 20 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। वहीं, 16 से 18 नवंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छा सकता है और 16 नवंबर को यहां कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा होने की आशंका है।
समुद्र की स्थिति को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब से अत्यंत खराब और कुछ क्षेत्रों में ‘असाधारण’ (फेनोमिनल) स्तर तक पहुंच सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा के तटों के पास समुद्र में स्थिति बेहद खतरनाक रहने का अनुमान है।

ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि चक्रवात के 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 नवंबर को गंजाम, गजपति और पुरी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी और इन तीनों जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने आगे बताया कि 20 नवंबर को चक्रवात के तट से टकराने वाले दिन मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश से काफी असर पड़ने की आशंका है।
इस बीच, मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 17 नवंबर तक अंडमान सागर और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह, 17 नवंबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, 16 से 19 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, 16 से 20 नवंबर के दौरान मध्य बंगाल की खाड़ी और 19 से 20 नवंबर के दौरान उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में न जाएं।