भारत समाचार

जम्मू-कश्मीर: CRPF कैंप पर हमले से पहले का CCTV फुटेज आया सामने, एनकाउंटर में एक आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर में सेना के एनकाउंटर में सोमवार को मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद उमर मीर का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया है। इस फुटेज में वह अपने कमांडर लतीफ भट के साथ सीआरपीएफ कैंप की रैकी करता हुआ नजर आ रहा है। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों आतंकी एक टैक्सी से उतरते दिखाई देते हैं। पहले लतीफ और फिर मोहम्मद मीर उमर नीचे उतरता है और कैंप की तरफ बढ़ जाता है। दोनों की कैंप की ओर जाते हुए एक तस्वीर भी सामने आई है।

इन दोनों आतंकियों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की पोस्ट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस आतंकी हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें हमलावर महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते हुए नजर आए थे। कुलगाम जिले के लारू में सोमवार को सेना के साथ हुई मुठभेड़ में इन दोनों को घेर लिया गया, जहां सेना ने एक आतंकी को मार गिराया।

image

सेना के एनकाउंटर में मारा गया आतंकी मोहम्मद उमर मीर सोपोर का रहने वाला है। सुरक्षा एजेंसियों ने उमर का शव बरामद कर लिया है, जबकि लतीफ भट का शव अभी नहीं मिला है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में लतीफ के घायल होने और छिपे होने की खबर सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि मारे गए या घिरे आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का घाटी में बचा एकमात्र कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर शामिल हैं।

मारा गया आतंकी लतीफ भट इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुए सिलसिलेवार हमलों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। इनमें अनंतनाग के लाल चौक पर पुलिसकर्मियों की हत्या और कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या की घटनाएं भी शामिल हैं। सेना के एक अधिकारी के अनुसार, आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की थी। तलाशी अभियान के दौरान जब सुरक्षाबल संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे, तो वहां छिपे आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से लंबी मुठभेड़ शुरू हुई और करीब 3 घंटे चली इसड़ मुठभेड़ के बाद इन्हें मार गिराया गया।

image

ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने सूझबूझ दिखाते हुए एनकाउंटर साइट के आसपास स्थित स्कूलों से बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर को कुलगाम जिले के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने हमला किया था। इस घटना में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के तीन जवान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और कॉन्स्टेबल राकेश दास घायल हो गए थे।
सुरक्षा बलों के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 6 महीनों के दौरान जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे जा चुके हैं। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी के नाम शामिल हैं। जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2024 को शोपियां में मारा गया था, जबकि यासिर 4 सितंबर को और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 2024 से लेकर अब तक कुल 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 45 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।

Back to top button