भारत समाचार

नोएडा में आगामी जनगणना के लिए स्वगणना अभियान की शुरुआत, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे जानकारी

देश में आगामी जनगणना-2027 की प्रक्रिया के तहत नोएडा में सोमवार से स्वगणना (Self Enumeration) अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान का शुभारंभ करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने पोर्टल पर खुद और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने शहर के सभी निवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

प्रशासन के मुताबिक, स्वगणना की यह सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। आम नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की पूरी डिटेल खुद ऑनलाइन भर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर नागरिकों को एक ‘स्वगणना पहचान संख्या’ (SE ID) मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब गणनाकार (Enumerator) आपके घर आएं, तो आपको यह आईडी उन्हें मुहैया करानी होगी।

नोएडा के चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि शहर में जनगणना के क्षेत्रीय कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 2,350 गणनाकारों और 364 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। ये कर्मी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर डेटा जुटाएंगे। स्वगणना की अवधि के दौरान भी ये कर्मचारी अपने आवंटित ब्लॉकों में रहकर लोगों को जागरूक करेंगे, जिसके लिए शहरभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा में रहने वाला एक भी व्यक्ति इस गणना से छूटे नहीं और किसी भी व्यक्ति का नाम दोबारा दर्ज न हो। इसके अलावा, जो लोग किराए पर रहकर नौकरी या व्यापार करते हैं, उनकी गणना भी यहीं की जाएगी।

चार्ज अधिकारी ने यह भी बताया कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत लोगों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि यानी 30 नवंबर तक अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर लें और घर आने वाले सरकारी नुमाइंदों का पूरा सहयोग करें।

Back to top button