अमेरिका में एक हफ्ते में तीसरी तकनीकी खराबी, ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं ठप

अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है, जिसके चलते देश के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों को अपने ऑनलाइन बैंकिंग खातों को एक्सेस करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित होने वाले वित्तीय संस्थानों में बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और जेला जैसे बड़े नाम शामिल हैं। आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, बड़ी संख्या में यूजर्स ने बैंकिंग सेवाओं के बाधित होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राहकों को ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने और अपने बैंक खातों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि यह समस्या किसी तकनीकी बग की वजह से उत्पन्न हुई है। इस बीच, चेज बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसकी सेवाओं में आई यह बाधा एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण थी और इसका किसी भी प्रकार के साइबर हमले से कोई संबंध नहीं है। बैंकिंग सेवाएं ठप होने के तुरंत बाद कई लोगों ने यह आशंका जताई थी कि इसके पीछे कोई साइबर अटैक हो सकता है, जिसे बैंक ने खारिज कर दिया है।
चेज बैंक के प्रवक्ता ने सोमवार को जारी अपने बयान में बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ ट्रांजैक्शन पूरे होने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बैंक जल्द से जल्द इस समस्या को पूरी तरह से ठीक करने के लिए तेजी से काम कर रहा है। अमेरिका में कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके जानकारी दी कि जब वे बैंकिंग सेवाओं को एक्सेस करने का प्रयास कर रहे हैं, तो स्क्रीन पर एरर का मैसेज दिखाई दे रहा है। इस संदेश में लिखा आ रहा है कि कुछ बैंकिंग सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और बैंक इन्हें ठीक करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
गौरतलब है कि अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी तकनीकी परेशानी है। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट में बड़ा आउटेज हुआ था, जिसके बाद अमेरिकी एयरलाइंस की उड़ानों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। अमेरिका ने तब बताया था कि एयरलाइंस का कम्युनिकेशन सिस्टम ठप हो गया था, जिसकी वजह से सभी टेकऑफ रोक दिए गए थे। अब बैंकिंग सिस्टम के प्रभावित होने से एक बार फिर तकनीकी ढांचे पर सवाल खड़े हो गए हैं।
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के मामले में कंपनी ने स्पष्ट किया था कि सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के दौरान एक तकनीकी परेशानी सामने आई थी, जिसके बाद अमेरिका और भारत समेत दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप हो गई थीं। उस दौरान माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और टीम्स ने भी काम करना बंद कर दिया था। ताजा बैंकिंग गड़बड़ी के बाद वित्तीय संस्थानों द्वारा सिस्टम को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।