यूपी चुनाव: कांग्रेस ने 181 सीटों पर जताई इच्छा, अखिलेश यादव ने कहा- जो जीतेगा वही लड़ेगा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की सुगबुगाहट तेज हो गई है। गठबंधन के तहत सीटों के तालमेल को लेकर होने वाली अहम बैठक से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस की ओर से रखी गई मांग और गठबंधन के चुनावी फॉर्मूले पर खुलकर बात की है।
अखिलेश यादव के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि हालांकि दोनों दलों के बीच अभी औपचारिक रूप से सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होनी बाकी है, लेकिन ‘इंडी’ (INDIA) गठबंधन मिलकर ही चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल एक-दूसरे के सम्मान का पूरा ख्याल रखते हुए सीटों का बंटवारा करेंगे।

अखिलेश यादव ने गठबंधन का फॉर्मूला साफ करते हुए कहा कि सीटों के समझौते में सबसे बड़ी प्राथमिकता जीतने वाले उम्मीदवार को दी जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस सीट पर जिस भी दल का उम्मीदवार जीतने की स्थिति में होगा, उसे वहीं से चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। सपा और कांग्रेस के बीच यह चर्चा ऐसे समय में अहम है जब 17 नवंबर को दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर औपचारिक बैठक तय की गई है, जिसमें कांग्रेस की तरफ से 181 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी जा चुकी है। कांग्रेस की यह मांग यूपी की कुल 403 सीटों का करीब 45 फीसदी हिस्सा है।
कांग्रेस की ओर से सपा को सौंपी गई यह सूची राज्य के 65 जिलों की 181 विधानसभा सीटों से जुड़ी है। इसमें 135 सीटें सामान्य वर्ग, 45 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित बताई जा रही हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस की इस मांग वाली सूची में कुछ ऐसी सीटें भी शामिल हैं जिन पर वर्तमान में समाजवादी पार्टी के अपने विधायक काबिज हैं।

साल 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने इन 181 सीटों में से केवल दो सीटों पर जीत हासिल की थी, जिसमें रामपुर खास और फरेंदा शामिल थीं। वहीं, इन्हीं सीटों में से 19 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में कांग्रेस को रामपुर खास सीट पर 50.27 प्रतिशत और फरेंदा सीट पर 40.28 प्रतिशत वोट मिले थे। इसके अलावा, कांग्रेस ने सपा से जिन 181 सीटों की मांग की है, उनमें से 169 सीटें ऐसी हैं जिन पर 2002 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कुल 2.5 फीसदी वोट हासिल हुए थे।