तेलंगाना के चर्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में लगी भीषण आग, सात कोच चपेट में

तेलंगाना के हैदराबाद स्थित चर्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब वहां खड़ी एक ट्रेन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रेन के करीब सात कोच इसकी चपेट में आ गए। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों तथा स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं और मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत शुरू की और लगभग एक घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि खड़ी ट्रेन में यह आग कैसे भड़की।