अमेरिका के बड़े बैंकों में ऑनलाइन सेवाएं ठप, जेपी मॉर्गन समेत कई वित्तीय संस्थान प्रभावित

अमेरिका के बैंकिंग सिस्टम में सोमवार को बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिसके चलते देश के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं। इस समस्या की वजह से हजारों ग्राहकों को अपने खाते में लॉगिन करने, बैलेंस चेक करने और पैसे ट्रांसफर करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जेपी मॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक और वेल्स फार्गो जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों ने सेवाएं बाधित होने की शिकायत की। इसके अलावा, डिजिटल मनी ट्रांसफर सर्विस जेली के इस्तेमाल में भी कुछ ग्राहकों को परेशानी हुई।
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, कैपिटल वन और ट्रुइस्ट बैंक के ग्राहकों ने भी बैंकिंग सेवाओं में बाधा की शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जेपी मॉर्गन चेस के सिस्टम में आई तकनीकी समस्या का असर दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ होने वाले लेनदेन पर भी पड़ा। सोमवार सुबह से ही ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने में परेशानी होने लगी थी, और दोपहर तक शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ गई।

अमेरिकी समयानुसार दोपहर 2 बजे तक अकेले जेपी मॉर्गन चेस के करीब 4,800 ग्राहकों ने सेवाओं में दिक्कत की शिकायत दर्ज कराई। डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों से पता चलता है कि जेपी मॉर्गन चेस के 53 फीसदी शिकायतकर्ताओं को खाते का बैलेंस और ट्रांजैक्शन की जानकारी देखने में परेशानी हुई, जबकि 20 फीसदी ग्राहक अपने अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे थे। इसके अलावा, करीब 17 फीसदी ग्राहकों ने पैसे ट्रांसफर करने और वायर ट्रांसफर में समस्या की जानकारी दी।
बैंक ऑफ अमेरिका के ग्राहकों ने एटीएम, ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत की शिकायत की। यूएस बैंक के ग्राहक भी अपने ऑनलाइन अकाउंट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करने में असमर्थ रहे और उन्हें पैसे ट्रांसफर करने में भी परेशानी हुई। इसी तरह, वेल्स फार्गो के कई ग्राहक अकाउंट में लॉगिन करने, बैलेंस देखने और ट्रांजैक्शन करने में असफल रहे।

अमेरिका के सबसे बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेस ने इस गड़बड़ी की वजह अपने आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में आया सॉफ्टवेयर बग बताया। बैंक के अनुसार, इस समस्या के कारण कुछ ट्रांजैक्शन में देरी हुई, और उसकी तकनीकी टीम बैंकिंग सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने के लिए काम कर रही है। इस दौरान कुछ ग्राहकों को स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया कि कुछ सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बाद में दोबारा कोशिश करनी चाहिए। बैंक ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि ग्राहक अपने अकाउंट और उसमें मौजूद पैसों का इस्तेमाल कर सकते हैं, और इस तकनीकी समस्या का किसी भी साइबर अटैक से कोई संबंध नहीं है। जेपी मॉर्गन ने यह भी कहा कि दूसरे वित्तीय संस्थानों पर इस गड़बड़ी का असर सिर्फ उन्हीं ट्रांजैक्शन तक सीमित हो सकता है, जिनमें वे बैंक के साथ किसी लेनदेन में शामिल थे।
दूसरी ओर, यूएस बैंक के एक प्रवक्ता ने सीबीएस न्यूज को बताया कि बैंक के अपने सिस्टम सीधे तौर पर इस आउटेज से प्रभावित नहीं हुए थे, हालांकि दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ जेली के जरिए पैसे भेजने या प्राप्त करने वाले ग्राहकों को ट्रांजैक्शन में देरी का सामना करना पड़ सकता है।
अमेरिकी बैंकों में आई यह तकनीकी गड़बड़ी ऐसे समय में सामने आई है, जब देश में पिछले कुछ दिनों के दौरान दो अन्य बड़े तकनीकी संकट भी देखने को मिले हैं। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आउटेज हुआ था, जिससे दुनियाभर के यूजर्स, कंपनियों और सरकारी कामकाज प्रभावित हुए थे। कंपनी ने बाद में स्पष्ट किया था कि यह एक तकनीकी समस्या थी और इसका साइबर अटैक से कोई संबंध नहीं था। उससे कुछ दिन पहले अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) को अपने नेटवर्क में आई समस्या के कारण देशभर में विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश देना पड़ा था। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी इतिहास में ऐसा सिर्फ तीसरी बार हुआ था, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए थे और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। 15 नवंबर को एफएए ने जानकारी दी थी कि देशभर में एयरलाइंस का शेड्यूल फिर से सामान्य हो रहा है।