वाराणसी के होटल में मिला युवक और युवती का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने अपने बड़े भाई की साली की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक युवक की पहचान बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट निवासी 20 वर्षीय विकास केसरी के रूप में हुई है, जबकि मृत युवती की पहचान बड़ागांव बसनी की रहने वाली 23 वर्षीय प्रिया केसरी के रूप में की गई है। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिया की बड़ी बहन के साथ विकास के बड़े भाई की शादी हुई थी। इसी पारिवारिक संबंध के चलते दोनों का अक्सर मिलना-जुलना होता था, जिसके दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि हाल ही में प्रिया की शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी गई थी। जब इस बात की जानकारी विकास को हुई, तो वह काफी नाराज हो गया। पुलिस के शुरुआती अनुसंधानों के मुताबिक, इसी नाराजगी के चलते विकास ने सोमवार की रात प्रिया को एक होटल में बुलाया। होटल कर्मियों ने पूछताछ में बताया कि विकास ने प्रिया को अपनी रिश्तेदार बताकर ठहरने के लिए कमरा बुक किया था।
कमरे के भीतर जाने के बाद जब काफी समय तक दोनों की ओर से कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल कर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। युवती प्रिया केसरी का शव बाथरूम में पड़ा हुआ था, जिसके गले पर किसी धारदार हथियार से काटे जाने के गंभीर निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हुई होगी। वहीं, युवक विकास केसरी का शव कमरे के पंखे के कुंदे से फंदे पर लटकता हुआ मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने संबंधित कमरे को सीज कर दिया है और होटल के कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है।
वाराणसी के एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर इस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। पुलिस दोनों मृतकों के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, और जल्द ही इस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं का आधिकारिक रूप से खुलासा किया जाएगा।