मनोरंजन

अनन्या पांडे की ‘कॉल मी बे 2’ में होगी श्रुति हासन की एंट्री, इस दिन होगी स्ट्रीम

लोकप्रिय वेब सीरीज ‘कॉल मी बे’ का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। पहले सीजन के दो साल बाद प्राइम वीडियो ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के दूसरे सीजन की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस बार सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रहीं अनन्या पांडे के साथ-साथ दक्षिण और हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री श्रुति हासन की भी धमाकेदार एंट्री होने जा रही है।

प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो शेयर कर सीरीज की रिलीज तारीख की घोषणा की है। इस वीडियो में अभिनेत्री अनन्या पांडे अपने जाने-पहचाने ‘बे’ अंदाज में नजर आ रही हैं। वीडियो में वह स्टाइलिश कपड़े पहने एक ऑटो रिक्शा की छत पर लेटी हुई दिखाई देती हैं और अपने खास अंदाज में जिंदगी को खुलकर जीने का संदेश देती हैं। निर्माताओं के मुताबिक, ‘कॉल मी बे’ का दूसरा सीजन आगामी 17 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।

image

कहानी और किरदारों की बात करें तो, इस नए सीजन में बेला ‘बे’ चौधरी की लव लाइफ पहले से कहीं अधिक उलझती हुई नजर आएगी। कहानी में रोमांस के साथ-साथ उनकी सहेलियों के साथ दोस्ती और आपसी भरोसे की कड़ी परीक्षाएं भी देखने को मिलेंगी। पहले सीजन में एक अमीर परिवार की लड़की के मुंबई में अकेले संघर्ष और उसकी कॉमेडी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

इस सीरीज के नए सीजन में अनन्या पांडे एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जबकि श्रुति हासन के जुड़ने से शो में नया रोमांच देखने को मिलेगा। इनके अलावा सीरीज में वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान सामत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लीजा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम किरदारों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे।

image

शो के निर्देशन की कमान कॉलिन डी’कुन्हा ने संभाली है। इसे करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। इसके अलावा सोमन मिश्रा और कॉलिन डी’कुन्हा इस प्रोजेक्ट के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। इस लोकप्रिय सीरीज को इशिता मोइत्रा ने क्रिएट किया है, जबकि इसकी पटकथा और संवाद इशिता मोइत्रा, समीना मोटलेकर, रोहित नायर और नित्तल चंदराना ने मिलकर लिखे हैं।

Back to top button