एमएस धोनी आईपीएल में नहीं खेलेंगे, सीएसके में मिली नई जिम्मेदारी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नहीं उतरेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा की है कि धोनी अब टीम के साथ ‘मेंटर’ (मार्गदर्शक) की नई भूमिका में जुड़ेंगे।
सीएसके ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा, “एक ऐसा खिलाड़ी, जो सदियों में एक बार आता है। एक नई भूमिका और एक ऐसा रिश्ता, जो हमेशा कायम रहेगा। महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे!”

फ्रेंचाइजी ने आईपीएल की शुरुआत से लेकर अब तक के सफर को याद करते हुए कहा कि धोनी शुरुआत से ही उनके अभियान का अहम हिस्सा रहे हैं। टीम ने अपने बयान में आगे कहा, “हमें जीत की बुलंदियों तक पहुंचाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को मार्गदर्शन देने तक, थाला हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई हमेशा उनका अपना घर रहेगा।”
चेन्नई सुपर किंग्स की ऑनर रूपा गुरुनाथ ने धोनी के योगदान को याद करते हुए लिखा, “एमएस धोनी जैसा खिलाड़ी सदियों में एक बार आता है। हम खुशकिस्मत हैं और उनके बेहद आभारी हैं कि वह चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत से ही हमारे साथ रहे हैं और उन्होंने इस टीम की पूरी नींव रखी है।”

उन्होंने आगे कहा, “एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ़ एक दिग्गज खिलाड़ी से कहीं बढ़कर हैं। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर हमें जो कुछ दिया है, उसका कोई मोल नहीं है। उनकी नेतृत्व क्षमता, विनम्रता, प्रतिबद्धता और करोड़ों प्रशंसकों के साथ उनका जुड़ाव वाकई ख़ास है। इन वर्षों में उन्होंने एक ऐसी विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें हम जीवनभर संजोकर रखेंगे।”
सीएसके प्रबंधन के अनुसार, मेंटर के तौर पर धोनी की यह नई भूमिका टीम के लिए बेहद मूल्यवान साबित होगी, खासकर बदलाव के इस दौर में। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका अनुभव तथा विशेषज्ञता सीएसके की अगली पीढ़ी को तैयार करने में अहम मदद करेंगे।