राहुल गांधी का पलटवार, कहा- भाजपा-आरएसएस समर्थक नफरत से बाहर निकलें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माता-पिता से जुड़े अपने एक बयान पर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बाद मंगलवार को तीखा पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समर्थकों पर निशाना साधा और उन्हें नफरत के जाल से बाहर निकलने की सलाह दी।
यह पूरा विवाद सोमवार को सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के आधिकारिक विमोचन के दौरान दिए गए राहुल गांधी के एक बयान से शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि घर पर लंच और डिनर के समय उनकी मां, उनके पापा की गोद में बैठती थीं। इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा था।

मंगलवार को इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने X पर लिखा कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने आगे लिखा कि एक सच्चे हिंदू के नाते, उनका कर्तव्य है कि वे उन्हें इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। अपनी इस पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ लिखा।
अपनी इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने भगवान शिव और माता पार्वती के वृषभारूढ़ रूप की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे अपने वाहन नंदी पर सवार हैं। यह प्रतिमा कर्नाटक के हलेबिडु स्थित प्रसिद्ध 12वीं सदी के होयसलेश्वर मंदिर की बाहरी दीवार पर उकेरी गई है।

राहुल गांधी के इस बयान और पूरी घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने राहुल गांधी के बयान को टैग करते हुए X पर लिखा कि माफ कीजिए मैडम, वे यानी राहुल गांधी आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा पाए।