देश के 74 एयरपोर्ट पर घटेंगे CISF के जवान, निजी सुरक्षा गार्ड संभालेंगे मोर्चा

देशभर के 74 हवाई अड्डों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की तैनाती कम करने की तैयारी चल रही है। उनकी जगह पर निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। एयरपोर्ट ऑपरेटरों के इस प्रस्ताव पर संबंधित एजेंसियों और नागरिक उध्ययन मंत्रालय के स्तर पर समीक्षा की जा चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में निर्णय लिया जा चुका है और प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है।
इस बदलाव के तहत एयरपोर्ट पर CISF की मौजूदा तैनाती में हजारों कर्मियों की कटौती हो सकती है। कुछ बड़े एयरपोर्ट्स पर एक शिफ्ट में 50 से 60 तक CISF कर्मियों की संख्या कम किए जाने का प्रस्ताव है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में निजी और राष्ट्रीय स्तर पर कुल 119 एयरपोर्ट हैं, जिनमें से 74 पर CISF तैनात है। देश भर में CISF के करीब 2 लाख 20 हजार स्वीकृत पद हैं, जिनमें से वर्तमान में लगभग 2 लाख कर्मी सेवा में हैं और इनमें से 55 हजार जवान एयरपोर्ट पर तैनात हैं।

एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने CISF और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सामने सुरक्षा बल की तैनाती घटाने की मांग रखी थी। ऑपरेटरों का तर्क है कि केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती और रखरखाव पर भारी वित्तीय बोझ पड़ता है। इसके अलावा, यात्रियों की आवाजाही के पैटर्न में बदलाव, यात्रियों में सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर बढ़ती जागरूकता और बेहतर तकनीक को इसके कारण के रूप में बताया गया है। ऑपरेटरों का मानना है कि सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हुए निजी गार्डों की तैनाती से संचालन का खर्च कम होगा।
इस प्रस्ताव पर विचार के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्तर पर एक समिति का गठन किया गया था, जिसमें CISF, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), एयरपोर्ट ऑपरेटर और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के अधिकारी शामिल थे। BCAS ने एयरपोर्ट्स को यात्रियों की संख्या के आधार पर स्मॉल, मीडियम और मेजर कैटेगरी में बांटा है और इसी आधार पर नई मैनपावर व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

श्रेणियों के अनुसार, जिन छोटे एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की संख्या एक लाख से कम है, वहाँ एक शिफ्ट में तैनात 100 कर्मियों को घटाकर करीब 70 करने का प्रस्ताव है। एक लाख से 10 लाख यात्रियों वाले मीडियम एयरपोर्ट्स पर शिफ्ट के हिसाब से जवानों की संख्या 120-150 से घटाकर 80-100 की जाएगी। वहीं, 10 लाख से अधिक यात्रियों वाले बड़े एयरपोर्ट्स पर तैनाती 170-200 कर्मियों से घटाकर 120-140 करने का प्रस्ताव है।
CISF के जवानों की संख्या कम होने के बाद उनकी जगह लेने वाले निजी सुरक्षा गार्डों का चयन एयरपोर्ट ऑपरेटर खुद टेंडर प्रक्रिया के जरिए करेंगे। हालांकि, इन गार्डों को सीधे तैनात नहीं किया जाएगा, बल्कि तैनाती से पहले उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें CISF के कुछ अधिकारी भी हिस्सा ले सकते हैं। इस व्यवस्था के आने से एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है कि क्या निजी गार्ड CISF की तरह प्रशिक्षित और जवाबदेह हो पाएंगे।

हटाए जाने वाले CISF जवानों को उनके मूल कैडर में वापस भेजा जाएगा, जहाँ से उन्हें अन्यunits में तैनात किया जा सकेगा। इसके अलावा, बल के वरिष्ठ अधिकारियों के पदों में भी कमी की योजना है, जिसके तहत ग्रुप-ए के अधिकारियों की संख्या में करीब 100 की कटौती की गई है, हालाँकि विस्तृत आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं। देश के सबसे बड़े इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, दिल्ली में CISF की स्वीकृत स्ट्रेंथ करीब 6,000 से 6,500 कर्मियों की है, लेकिन भविष्य में विस्तार या सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से तैनाती में फेरबदल किया जा सकता है।