अक्षय कुमार की फिल्म ‘समुक’ 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘समुक’ की रिलीज की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। विज्ञान आधारित रोमांच, एक्शन और विषम परिस्थितियों में जीवन बचाने के संघर्ष पर आधारित यह फिल्म 28 मई 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
फिल्म निर्माताओं ने रविवार को एक विशेष मोशन पोस्टर जारी कर इसकी रिलीज की तारीख का ऐलान किया। इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार, फिल्म के निर्देशक कनिष्क वर्मा और अन्य कलाकारों ने रहस्यमयी संदेशों के जरिए दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाई थी। फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने भी दोपहर 2:07 बजे एक खास घोषणा का संकेत दिया था।

यह फिल्म विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनाई जा रही है, जिसके सह-निर्माता आशिन ए शाह हैं। फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा द्वारा किया जा रहा है। निर्माताओं के अनुसार, ‘समुक’ में विज्ञान आधारित रोमांचक कथा के साथ-साथ एक्शन और अस्तित्व की लड़ाई को बड़े पैमाने पर प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म में मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार के साथ-साथ रुक्मिणी मैत्र, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, बनिता संधू और स्वानंद किरकिरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, निर्माताओं ने फिल्म की सटीक कहानी और कलाकारों के किरदारों के संबंध में फिलहाल सस्पेंस बरकरार रखा है।

इस परियोजना के जरिए अभिनेता अक्षय कुमार और निर्माता विपुल अमृतलाल शाह लगभग 13 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म को भारतीय सिनेमा में एक विशिष्ट और अनूठा दृश्य अनुभव प्रदान करने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना के रूप में तैयार किया जा रहा है।