सचिन तेंदुलकर के साथ मुंबई की गलियों में प्रिंस विलियम ने खेला क्रिकेट, पी कुल्हड़ चाय

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सोमवार को मुंबई की सड़कों पर ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ नजर आए। इस दौरान तीनों ने साथ में गली क्रिकेट खेला और पारंपरिक कुल्हड़ चाय का आनंद लिया। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं, जिसके तहत उन्होंने इस अनूठे अंदाज में क्रिकेट में हाथ आजमाया और स्कूली बच्चों से मुलाकात की। इस मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मुंबई में इस विशेष दौरे के दौरान प्रिंस विलियम ने गली क्रिकेट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना कौशल दिखाया। बल्लेबाजी के अनुभव के दौरान सचिन तेंदुलकर ने एक शानदार ऑन-ड्राइव शॉट खेला, जिसने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा, शाही जोड़े ने एक विशेष रूप से लगाए गए चाय के स्टॉल पर पारंपरिक कुल्हड़ में चाय की चुस्कियां लीं। इस दौरान प्रिंस विलियम और केट ने वहां मौजूद बच्चों के साथ बातचीत की और स्थानीय म्यूजिशियनों ने अपनी प्रस्तुति से उनका मनोरंजन भी किया।

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मुंबई दौरे का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें मशहूर राजाबाई क्लॉक टावर भी नजर आ रहा है। खेल के दौरान सचिन तेंदुलकर प्रिंस विलियम को क्रिकेट के बारे में बारकियां समझाते और उनका मार्गदर्शन करते दिखाई दिए। वहीं, केट मिडलटन मैदान के किनारे खड़े होकर मुस्कुराते हुए इस खेल का पूरा आनंद लेती नजर आईं।
सामने आए दृश्यों और तस्वीरों में सचिन तेंदुलकर शाही जोड़े के साथ क्रिकेट पर चर्चा करते दिखे। सचिन अपने हाथों के इशारों से खेल से जुड़ी कुछ तकनीकी और दिलचस्प बातें समझा रहे थे, जबकि विलियम और केट बेहद सहज होकर मुस्कुराते हुए उनकी बातें सुन रहे थे।
इस मुलाकात के दौरान सचिन तेंदुलकर ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा, ‘हम 10 साल पहले क्रिकेट खेलने के लिए मिले थे। तब मैंने कहा था कि हम अभी मैदान में क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन अगली बार हम गली क्रिकेट खेलेंगे और फिर वे आए और हमारे साथ जुड़ गए।’ प्रिंस विलियम की भारत यात्रा को लेकर उन्होंने आगे कहा कि इसके पीछे एक बड़ा मकसद और उद्देश्य है। मैं शाही परिवार की बहुत सराहना करता हूं।