ताज़ा खबरें

मेरठ: पूर्व क्रिकेटर के घर 25 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, बेटा ही निकला मास्टरमाइंड

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से पारिवारिक रिश्तों और युवाओं पर करियर के दबाव से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-13 स्थित एक पूर्व क्रिकेटर के घर हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में जो सच सामने आया, उसने न केवल पुलिस बल्कि खुद पीड़ित परिवार को भी स्तब्ध कर दिया—इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि पूर्व क्रिकेटर का अपना ही बेटा निकला।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पूर्व क्रिकेटर अपने बेटे समर शर्मा को भी क्रिकेटर बनाना चाहते थे, लेकिन बेटे की इस खेल में कोई दिलचस्पी नहीं थी। इसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच अक्सर विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। पिता की डांट और लगातार दबाव से नाराज होकर समर ने अपने ही घर में चोरी कराने की साजिश रच डाली। उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर इस योजना को अंजाम दिया और उन्हें घर की चाबी सौंप दी।

image

आरोपियों ने घर से 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के कीमती जेवरात पार कर दिए। वारदात के बाद किसी को शक न हो, इसके लिए आरोपी बेटे ने खुद ही फोन कर पिता को घर में चोरी होने की सूचना दी। हालांकि, जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल की बारीकी से जांच की, तो बेटे की संदिग्ध भूमिका उजागर हो गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे समर शर्मा समेत चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.50 लाख रुपये की नकदी तथा चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं। यह घटना इस बात पर भी सोचने को मजबूर करती है कि संवादहीनता और उम्मीदों का बोझ किस तरह अपनों के बीच ही खाई पैदा कर सकता है।

Back to top button