भारत समाचार

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले और कई जिलों के डीएम बदले

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए 16 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत दो मंडलायुक्तों की अदला-बदली की गई है तथा कई जिलों के जिलाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा औद्योगिक विकास, नगर विकास और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

आधिकारिक सूची के अनुसार, के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त पद से स्थानांतरित कर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त रहे एस. राजलिंगम को अब कानपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। इसके साथ ही, डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

image

प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का नया डीएम बनाया गया है। वहीं, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। चंदौली के डीएम रहे चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त, राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। गोंडा की डीएम रहीं प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास के पद पर भेजा गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जौनपुर के डीएम रहे सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है।

image

श्रावस्ती में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। श्रावस्ती की डीएम रहीं अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को स्थानांतरित कर विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Back to top button