बांग्लादेश के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ का वीडियो पश्चिम बंगाल में RSS के नाम पर वायरल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों को एक रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के एक रेस्टोरेंट में बिल मांगने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवकों ने तोड़फोड़ की है। हालांकि, जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला है और वायरल वीडियो बांग्लादेश के ढाका स्थित एक रेस्टोरेंट का है।
वायरल दावे के मुताबिक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर ‘Deshmukh_0’ ने 13 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट में दावा किया गया था कि पश्चिम बंगाल के ड्यूर्विंग होटल में आरएसएस के कुछ लोग खाना खाने के बाद बिना बिल दिए जाने लगे और दुकानदार द्वारा बिल मांगने पर उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ कर दी।
इस वायरल दावे की सच्चाई सामने लाने के लिए वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया गया। इसके जरिए बांग्लादेश के न्यूज पोर्टल ‘जागो न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 13 नवंबर 2026 को अपलोड की गई एक न्यूज पोस्ट सामने आई, जिसमें वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, ढाका के मोहाखाली स्थित तितुमीर कॉलेज के छात्रों ने एक रेस्टोरेंट में खाना परोसने में देरी और बैठने की जगह को लेकर हुए विवाद के बाद तोड़फोड़ की थी।
इस संबंध में ‘ढाका ट्रिब्यून’ ने 13 नवंबर 2026 को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में बताया कि तितुमीर कॉलेज के छात्रों ने 12 नवंबर की रात को ढाका के मोहाखाली में ‘डुरोबिन बांग्ला’ (Durbin Bangla) रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की थी। बनानी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) मोहम्मद सलाहुद्दीन ने इस बात की पुष्टि की थी कि खाने का ऑर्डर परोसने में हुई देरी को लेकर छात्रों और रेस्टोरेंट अधिकारियों के बीच बहस और मारपीट हुई थी, जिसके बाद छात्रों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर वहां तोड़फोड़ की। बांग्लादेश के न्यूज चैनल ‘जमुना टीवी’ ने भी 14 नवंबर 2026 को इस घटना से संबंधित वीडियो न्यूज प्रसारित की थी, जिसमें कई कर्मचारियों और एक छात्र के घायल होने की बात सामने आई थी। इस बारे में बांग्लादेश के फैक्ट चेकर तनवीर महताब आबिर ने भी पुष्टि की है कि वायरल वीडियो ढाका का ही है।
पड़ताल में यह भी सामने आया कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भी एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसे इस वीडियो से जोड़ा जा रहा है। ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ की 4 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर 24 परगना के देगंगा में टाकी रोड पर एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और कर्मचारियों पर हमले का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा था। हालांकि, भाजपा नेताओं ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया था कि वे रेस्टोरेंट बंद कराने गए थे क्योंकि वहां कथित तौर पर अवैध गतिविधियां चल रही थीं।
इसके बाद ‘टेलीग्राफ इंडिया’ की 7 रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने देगंगा के कल्याणी बील इलाके में स्थित ‘इको कैफे’ और ‘लेक पैलेस गेस्ट हाउस’ के प्रबंधन की शिकायत पर जबरन वसूली, तोड़फोड़ और लूटपाट के आरोप में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को बारासात अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था।
विश्लेषण में यह भी पाया गया कि बांग्लादेश के इस वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर करने वाले एक्स अकाउंट ‘Deshmukh_0’ को जनवरी 2024 में बनाया गया था और इसके 41 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इस तरह स्पष्ट होता है कि बांग्लादेश के ढाका में छात्रों द्वारा की गई तोड़फोड़ के पुराने और अलग घटना, पश्चिम बंगाल में संघ के स्वयंसेवकों से जोड़कर भ्रामक रूप से प्रसारित की जा रही है।