सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चमके सूर्यकुमार यादव, धोनी की फिल्म का डायलॉग दोहराकर बयां की वापसी की रणनीति

भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचने का प्रयास किया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई की ओर से खेलते हुए सूर्यकुमार ने हैदराबाद के खिलाफ महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन की तूफानी पारी खेली। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ का मशहूर डायलॉग सुनाते हुए टीम इंडिया में वापसी के अपने इरादे जाहिर किए।
यह मुकाबला 14 नवंबर 2026 को कोलकाता में खेला गया था, जहाँ सूर्यकुमार ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने अपनी इस नाबाद पारी के दौरान छह चौके और पांच छक्के जड़े। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज एक बार फिर पुराने रंग में नजर आया। उनके द्वारा लगाए गए एक छक्के ने मैदान की सीमा पार करते हुए जादवपुर यूनिवर्सिटी के सेकंड ग्राउंड को भी लांघ लिया।

मैच के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सूर्यकुमार ने अपनी बल्लेबाजी की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य लगातार रन बनाना और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करना है। इस दौरान उन्होंने फिल्म का हवाला देते हुए मजेदार अंदाज में अपनी बात रखी।
सूर्यकुमार ने कहा, ‘आपने फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ देखी होगी, जिसमें माही भाई के दोस्त ने कहा था, ‘सेलेक्टर जहां बैठा है, वहीं मारना है।’ आज मेरा प्लान भी कुछ ऐसा ही था। मैं लगातार रन बनाने, टीम को मैच जिताने और नंबर 3 से 5 के बीच हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड वाला खेल खेलने की कोशिश कर रहा हूं।’-
गौरलतब है कि सूर्यकुमार की इस विस्फोटक पारी के दौरान बीसीसीआई की सीनियर पुरुष चयन समिति के सदस्य शिव सुंदर दास भी मैदान पर मौजूद थे, जो ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके अलावा कुछ आईपीएल स्काउट्स भी यह मुकाबला देखने पहुंचे थे। ऐसे में सूर्यकुमार की इस पारी को टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
सूर्यकुमार ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी को कोई बयान देने या कुछ साबित करने का नहीं है। वह सिर्फ उसी अंदाज में क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जिसके लिए वह पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह एंटरटेनमेंट वाला फॉर्मेट है और इसमें खुलकर खेलना चाहिए। अपनी पारी के दौरान लगाए गए सीधे छक्के पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस शॉट का काफी अभ्यास कर रहे हैं और अभ्यास के मुताबिक शॉट लगने से साफ है कि उनकी प्रैक्टिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। हालांकि, इसके बाद खराब बल्लेबाजी फॉर्म के चलते उन्हें भारतीय टी20 टीम से बाहर होना पड़ा था और टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंप दी गई थी। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार के इस आक्रामक प्रदर्शन ने उनकी वापसी की उम्मीदों को फिर से हवा दे दी है।