ताज़ा खबरें

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों का आतंकरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खुदवानी इलाके में प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों का सोमवार को लगातार दूसरा दिन भी बड़ा घेराबंदी एवं तलाशी अभियान जारी रहा। यह अभियान रविवार को सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने शुरू किया था। अभियान की निगरानी के लिए रविवार शाम को वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। अधिकारियों के अनुसार, पूरी रात कड़ा घेरा बनाए रखा गया और सोमवार सुबह तलाशी अभियान फिर से शुरू कर दिया गया।

यह अभियान बुधवार को सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की जगह से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तक चलाया जा रहा है। उस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (जम्मू-कश्मीर जोन) संदीप खिरवार ने कहा कि कुलगाम में अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि वह अभियान से जुड़ी जानकारियों पर चर्चा नहीं कर सकते, लेकिन बल ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है और इस हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

image

इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इसमें शामिल तत्वों का पता लगाने के लिए पिछले पांच दिनों में कुलगाम जिले में कई तलाशी अभियान चलाए हैं। बुधवार को हुए हमले की जांच में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट की कथित संलिप्तता का संकेत मिला है। पुलिस ने संदेह जताया है कि कुलगाम का रहने वाला यह आतंकवादी दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई हमलों में शामिल रहा है। पुलिस ने भट को घाटी में सक्रिय एकमात्र जीवित स्थानीय उग्रवादी बताया है।

इस बीच, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के बाद कुलगाम के अखरान गांव को लगभग एक छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उस इलाके से आ रही खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं। मुफ्ती ने कहा कि अज्ञात उग्रवादियों की हरकतों और सुरक्षा में संभावित चूक के लिए पूरी आबादी को सजा देना बहुत अन्यायपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने दावा किया कि सामूहिक सजा से केवल अलगाव एवं नाराजगी ही उत्पन्न होती है और निर्दोष लोगों को कष्ट नहीं झेलना चाहिए।

Back to top button