विश्व समाचार

दो साल बाद मनीला में होगी क्वाड नेताओं की बैठक, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप आएंगे आमने-सामने

भारत, अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच वैश्विक राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान (ASEAN) समिट के दौरान क्वाड (Quad) देशों के नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है। व्हाइट हाउस ने इस बात की पुष्टि की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 नवंबर को मनीला में क्वाड देशों के नेताओं के साथ बहुपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे।

करीब दो साल बाद क्वाड देशों के नेता आमने-सामने बैठेंगे। इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, चीन के बढ़ते प्रभाव और आपसी रणनीतिक सहयोग को लेकर चर्चा की उम्मीद की जा रही है। व्हाइट हाउस की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने जानकारी दी है कि इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर विचार-विमर्श होगा।

image

इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल होंगे। चूंकि फिलीपींस इस समय आसियान का अध्यक्ष है, इसलिए मनीला में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

क्वाड देशों के नेताओं की पिछली बैठक 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी, जिसकी अध्यक्षता तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने की थी। अब लगभग दो साल बाद चारों देशों के नेता एक बार फिर साथ बैठेंगे। डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका होगा जब वह क्वाड नेताओं के साथ शिखर स्तर की बैठक में भाग लेंगे। हालांकि, इस अंतराल के दौरान चारों देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें हो चुकी हैं।

image

क्वाड को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच एक महत्वपूर्ण रणनीतिक समूह माना जाता है। हालांकि क्वाड देश यह स्पष्ट करते रहे हैं कि यह संगठन किसी एक देश के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य क्षेत्र में स्वतंत्र और खुले समुद्री रास्तों को बनाए रखना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है। मनीला बैठक में महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही जैसे मुद्दे भी अहम रहने की संभावना है।

क्वाड्रिलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग यानी क्वाड की शुरुआत वर्ष 2007 में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई थी, लेकिन अगले कुछ वर्षों में यह समूह काफी हद तक निष्क्रिय हो गया था। वर्ष 2017 में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान इस समूह को फिर से सक्रिय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद से चारों देशों के बीच रक्षा, तकनीक, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग में वृद्धि हुई है। मनीला में होने वाली यह बैठक क्वाड के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।

Back to top button