कन्नौज डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: पति-पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने लाश से किया रेप

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराने सरकारी आवास में हुई रेलवे टिकट विक्रेता और उनकी पत्नी की दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, 4 और 5 नवंबर की दरमियानी रात को 35 वर्षीय रेलवे टिकट विक्रेता संजीव कठेरिया और उनकी 32 वर्षीय पत्नी शिखा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी योगेश राजपूत उर्फ पंगा को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी है और उसके कब्जे से अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी योगेश उर्फ पंगा ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन के आसपास घूमता था और संजीव को टिकट बिक्री के पैसे ले जाते हुए देखता था। इसी लालच में वह चोरी के इरादे से 4-5 नवंबर की रात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने आवास में तिरपाल फाड़कर अंदर घुसा था। आरोपी ने बताया कि जाग जाने पर उसने संजीव को डंडे से मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शोर मचाने पर उसने मृतका शिखा का मोबाइल छीनकर बंद कर दिया और उसी के दुपट्टे से गला कसकर उसकी भी हत्या कर दी। इस दौरान दंपति की दो वर्षीय मासूम बेटी तान्या भी घायल हो गई थी।
इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और घिनौना खुलासा किया है। आरोपी योगेश ने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला की हत्या करने के बाद उसने उसके शव के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर में रखे पर्स से करीब पांच हजार रुपये और मृतक संजीव का एटीएम कार्ड लेकर मौके से फरार हो गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की थी। घटना की रात ही मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए थे, जिसके बाद एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
कसारी जंगल के पास जब पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी योगेश के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी योगेश के खिलाफ पहले से ही तालग्राम थाने में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।