साबरमती जेल में लॉरेंस बिश्नोई से मिलने वालों की पूरी सूची मांगी, दिल्ली पुलिस ने तेज की जांच

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए साबरमती जेल प्रशासन से मुलाकातियों की पूरी सूची मांगी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जेल के अंदर से यह आपराधिक नेटवर्क किस प्रकार संचालित किया जा रहा है।
गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से मिलने आने वाले लोगों पर अब सुरक्षा एजेंसियों की विशेष नजर है। दिल्ली पुलिस द्वारा मांगी गई इस सूची में उन सभी लोगों के नाम शामिल हैं जो अब तक उससे मिल चुके हैं या नियमित रूप से जेल पहुंचते हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पुलिस इन मुलाकातियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड, लॉरेंस से उनके संबंधों और मुलाकात के वास्तविक उद्देश्यों की गहराई से जांच करेगी।

यह कार्रवाई दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक निजी अस्पताल के मालिक से 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले के सामने आने के बाद तेज हुई है। इस मामले में फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए गैंग के नेटवर्क की पड़ताल शुरू की। पुलिस यह भी तस्दीक करने में जुटी है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में लॉरेंस गैंग से कोई संबंध है या किसी अन्य आपराधिक गिरोह ने उसके नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने का प्रयास किया है।
पिछले कुछ समय में लॉरेंस बिश्नोई का नाम बॉलीवुड गलियारों और कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आया है। अभिनेता सलमान खान को इस गैंग के नाम से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसके अलावा, हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना में भी इस गैंग का नाम सामने आया था। सूत्रों के अनुसार, बॉलीवुड के कई अन्य सितारे भी इस गिरोह के निशाने पर थे, और इनपुट मिलने के बाद संबंधित कलाकारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

दिल्ली पुलिस की इस जांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद रहते हुए अपने सहयोगियों और गैंग के सदस्यों के संपर्क में कैसे बना हुआ है। पुलिस को संदेह है कि उससे मिलने आने वाले कुछ लोग जेल से बाहर संदेश पहुंचाने या गैंग के सदस्यों तक निर्देश प्रसारित करने का माध्यम बन रहे हैं। लॉरेंस लंबे समय से गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। गृह मंत्रालय के आदेश के तहत फिलहाल राज्य पुलिस सीधे उसकी कस्टडी नहीं ले सकती है, जिसके चलते दिल्ली पुलिस को पूछताछ और जांच के सिलसिले में साबरमती जेल का रुख करना पड़ता है।