राजा भैया के आमंत्रण पर प्रतापगढ़ पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, आज से शुरू होगी रामकथा

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कुंडा से जनसत्ता दल के नेता और आयोजक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ के निमंत्रण पर आयोजित की जा रही श्रीराम कथा की शुरुआत मंगलवार दोपहर 2:00 बजे से होगी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन से कथा का वाचन करेंगे।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने 60 सहयोगियों के साथ सोमवार शाम बेंती पहुंचे। दुबई से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर उनके उतरने के बाद, कथा के आयोजक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने खुद उनका स्वागत किया और अपनी गाड़ी चलाकर उन्हें बेंती लेकर आए। राजभवन स्थित पंचवटी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर चार दिनों तक प्रवास करेंगे। उनके आगमन के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं।
इस बीच, प्रतापगढ़ में इस आयोजन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस कथा का विरोध करने का ऐलान किया है। सपा का आरोप है कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं और पार्टी हर बार चुनाव से पहले धार्मिक माहौल तैयार करती है। हालांकि, आयोजक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कथा हर हाल में होकर रहेगी और जिसकी हिम्मत हो, वह रोककर दिखाए।
आयोजकों के मुताबिक, मुख्य कार्यक्रम के तहत आज से कथा प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 या 6:00 बजे तक चलेगी। यह धार्मिक आयोजन कुंडा (प्रतापगढ़) के हवाई पट्टी परिसर स्थित राजभवन बेंती के योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के विस्तृत शेड्यूल के अनुसार, 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर को कथा के अंतिम दिन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विशेष दिव्य दरबार लगाया जाएगा।