कुंडा में आज से धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा, राजा भैया कर रहे हैं मेजबानी

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार से चार दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुंडा के बेंती राजभवन हवाई पट्टी परिसर में बनाए गए विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे। इस धार्मिक आयोजन की मेजबानी कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कर रहे हैं।
चार दिवसीय इस आयोजन के पहले तीन दिनों तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा का वाचन करेंगे, जबकि 20 नवंबर को चौथे दिन एक दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस बड़े धार्मिक कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य कथा पंडाल 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा तैयार किया गया है। इसके दोनों तरफ 54 फीट चौड़े और 400 फीट लंबे अन्य पंडाल बनाए गए हैं। इसके अलावा, धीरेंद्र शास्त्री के बैठने के लिए 80 फीट लंबा और 48 फीट चौड़ा एक विशेष पंडाल तैयार किया गया है।
पूरे परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई है और इसके ठीक पीछे एक हेलीपैड भी बनाया गया है। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहरने के खास इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के रुकने की व्यवस्था की गई है। इस आयोजन की एक और खास विशेषता यह है कि चारों दिन लगातार 24 घंटे भंडारा चलेगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन के साथ-साथ नाश्ते की भी पूरी व्यवस्था रहेगी। इससे पहले, विधायक राजा भैया ने हवाई अड्डे पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया और खुद कार चलाकर उन्हें कुंडा लेकर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करते हुए पूरे कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है। सुरक्षा घेरे में 1 पुलिस अधीक्षक, 3 अपर पुलिस अधीक्षक और 6 क्षेत्राधिकारियों समेत लगभग एक हजार जवान मुस्तैद रहेंगे, जिनमें फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रयागराज कमिश्नरेट से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल भी शामिल है।
इस धार्मिक आयोजन में जोधपुर शिविर से 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं, जिन्हें कुंडा विधायक राजा भैया की तरफ से विशेष निमंत्रण दिया गया है। इसके अलावा, कथा में देश के कई धार्मिक और राजनीतिक दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, योगगुरु बाबा रामदेव, सतुआ बाबा और हैदराबाद के टी. राजा सहित कई संत-महात्माओं, मंत्रियों और विधायकों को आमंत्रित किया गया है। बाबा रामदेव और सतुआ बाबा समेत कई संतों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति की स्वीकृति दे दी है, जबकि अन्य राज्यों से कुछ नेताओं के भी बेंती पहुंचने की उम्मीद है।