सर्दियों में तुलसी के पौधे की देखभाल के आसान तरीके, ऐसे रखें हरा-भरा

सर्दियों का मौसम आते ही कई पौधों की तरह तुलसी के पौधे की ग्रोथ भी प्रभावित होने लगती है। इस दौरान पाला पड़ने और धूप की कमी के कारण तुलसी की पत्तियां सिकुड़ने, काली पड़ने और झड़ने लगती हैं। हालांकि, कुछ आसान और व्यावहारिक तरीकों को अपनाकर ठंड के दिनों में भी तुलसी के पौधे को हरा-भरा और घना बनाए रखा जा सकता है।
धार्मिक और आयुर्वेदिक रूप से महत्वपूर्ण तुलसी के पौधे को अत्यधिक सर्दी और गर्मी में विशेष देखभाल की जरूरत होती है। सर्दियों में सर्दी, जुकाम और गले की खराश जैसी समस्याओं से निपटने के लिए तुलसी के पत्तों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में यदि सही तरीके अपनाए जाएं, तो सूखते हुए पौधे को भी फिर से हरा किया जा सकता है।

पौधे पर आने वाली मंजरी यानी फूलों को हटाना इसकी देखभाल का एक अहम हिस्सा है। यदि तुलसी के पौधे पर बहुत, सी मंजरी आ गई हैं और सूखने लगी हैं, तो उन्हें धीरे-धीरे तोड़कर अलग कर देना चाहिए ताकि तने पर खिंचाव न पड़े। हरी मंजरी का उपयोग चाय में किया जा सकता है, जबकि सूखी मंजरी से बीज निकालकर गमले में डालने से नए पौधे उग सकते हैं। पौधे पर अधिक फूल या बीज आने से उसकी पूरी ऊर्जा उसी में खर्च होने लगती है, जिससे नई पत्तियों और शाखाओं की ग्रोथ धीमी हो जाती है।
सर्दियों में अधिक ठंड, पाले और बर्फीली हवाओं से बचाने के लिए पौधे को ऐसी जगह रखना चाहिए जहाँ उसे हल्की धूप मिलती रहे और वह ठंडी हवा व कोहरे से सुरक्षित रहे। इसके अलावा, पौधे को हल्के सूती कपड़े से ढककर रखना भी फायदेमंद होता है।

ठंड के दिनों में गमले की मिट्टी अक्सर जाम हो जाती है, जिससे पानी निकासी बाधित होती है और पौधा सूखने लगता है। इससे बचने के लिए समय-समय पर मिट्टी की गुड़ाई करनी चाहिए और जल निकासी की जांच करते रहना चाहिए। गुड़ाई के बाद हर एक से डेढ़ महीने के अंतराल पर मिट्टी में थोड़ी खाद मिलाते रहें। यह भी ध्यान रखें कि गमले में दोबारा पानी तभी डालें जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए।
पौधे को पोषण देने के लिए गुड़ाई के बाद पुराना गोबर पानी में घोलकर गमले में डाला जा सकता है। इसके अलावा, थोड़ी मात्रा में एप्सम सॉल्ट को पानी में मिलाकर पत्तियों पर स्प्रे करने से उनका हरापन बना रहता है। पौधे की जड़ में कच्चे दूध और पानी का घोल डालना भी फायदेमंद साबित होता है।

यदि पौधा सूखने लगा है, तो उसके तने को दो-तीन जगहों से हल्का खुरचकर यह जांच लें कि वह अंदर से कहाँ तक हरा है। जो टहनियां पूरी तरह सूख चुकी हैं, उन्हें कैंची की मदद से काट कर अलग कर दें। कटी हुई टहनियों के सिरों को पिघली हुई मोमबत्ती या टेप से सील कर दें ताकि हवा से वे और न सूखें। इसके बाद गमले की मिट्टी की गुड़ाई कर उसमें खाद मिलाएं और उपर्युक्त देखभाल के तरीकों को अपनाएं।