IIT दिल्ली में जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती, 80 हजार रुपये तक सैलरी, जानिए पूरी प्रक्रिया

देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली में नौकरी पाने का शानदार मौका सामने आया है। संस्थान ने जूनियर इंजीनियर (JE) सिविल और JE इलेक्ट्रिकल के पदों पर कंसल्टेंट की भर्ती के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 40 वर्ष से कम उम्र के आवेदक भाग ले सकते हैं।
यह नियुक्ति पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर की जाएगी। शुरुआत में चयनित उम्मीदवारों को एक साल के लिए रखा जाएगा। हालांकि, काम और प्रदर्शन के आधार पर संस्थान इस अवधि को दो साल तक और बढ़ा सकता है, यानी यह अधिकतम तीन साल तक का कॉन्ट्रैक्ट अवसर है।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में BE या BTech की डिग्री होनी अनिवार्य है। इसके साथ ही डिग्री में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। डिग्री हासिल करने के बाद उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना भी आवश्यक है। यह अनुभव ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरविजन या सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल सेवाओं के कार्यों से जुड़ा होना चाहिए।
आयु सीमा के संबंध में संस्थान ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्र 1 दिसंबर 2026 तक 40 साल से कम होनी चाहिए। जो उम्मीदवार इन शैक्षणिक, अनुभव और आयु संबंधी सभी शर्तों को पूरा करते हैं, वे इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने आकर्षक सैलरी यानी 80,000 रुपये तक मिलने का प्रावधान है।
कंसल्टेंट के इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग आधारित इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। हालांकि, साक्षात्कार कब और कहां आयोजित किए जाएंगे, फिलहाल इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। संस्थान की ओर से समय आने पर इसकी सूचना दी जाएगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले IIT दिल्ली की ऑफिशियल वेबसाइट iitd.ac.in पर जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को संबंधित पद का नाम लिखकर अपना नाम, जेंडर, पिता या पति का नाम, पता, टेलीफोन नंबर, योग्यता और अनुभव से जुड़ी सभी डिटेल्स दर्ज करनी होंगी। इसके बाद फॉर्म पर अपने हस्ताक्षर करने होंगे, जगह और तारीख लिखकर सबसे ऊपर पासपोर्ट साइज फोटो चिपकाना होगा।
इसके पश्चात फॉर्म के साथ अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों को अच्छी क्वालिटी में स्कैन करना होगा। फिर इसे PDF फॉर्मेट में कन्वर्ट करके recruitmentcell@admin.iitd.ac.in पर मेल करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 1 दिसंबर तक अपने आवेदन ईमेल के जरिए भेज दें।