भारत समाचार

जम्मू में JKSSB फाइनेंस असिस्टेंट परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम, 14 आरोपी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर में जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की फाइनेंस असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में नकल कराने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के पास से नकल के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 8 वायरलेस रेडियो सेट, करीब 20 मोबाइल फोन और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामद किए गए 8 वायरलेस सेटों में से चार सेट परीक्षा केंद्रों के अंदर से और बाकी चार सेट परीक्षा केंद्रों के बाहर से बरामद किए गए हैं, जिससे परीक्षा में बड़े स्तर पर तकनीकी साधनों के इस्तेमाल की योजना का संकेत मिलता है। यह पूरी परीक्षा लगभग 600 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही थी।

image

इस सनसनीखेज मामले की गहराई से जांच करने और इस अवैध नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नकल कराने वाला यह संगठित नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Back to top button