सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री, दिल्ली में औपचारिक विमोचन आज

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नल ऑफ लव’ के औपचारिक विमोचन का कार्यक्रम सोमवार, 16 नवंबर को नई दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में रखा गया है। हालांकि यह आयोजन औपचारिक विमोचन का है, लेकिन असल में यह इस किताब की जबरदस्त सफलता का जश्न है। यह पुस्तक पहले ही 10 नवंबर को बाजार में आ चुकी है और बिक्री के तमाम रिकॉर्ड तोड़ रही है।
जानकार सूत्रों के अनुसार, किताब की कामयाबी को लेकर पार्टी को पूरा भरोसा था, लेकिन कांग्रेस की योजना इसका बड़ा असर पैदा करने की थी। इसी रणनीति के तहत सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर आकर किताब का प्रचार किया और परिवार की ओर से 1981 के अमेठी उपचुनाव के नतीजों के समय का एक वीडियो फुटेज भी जारी किया गया। इन सभी प्रयासों के बावजूद 10 नवंबर से पहले औपचारिक विमोचन का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया था।

अब जबकि किताब की बिक्री के आंकड़े सामने आ रहे हैं और यह नए रिकॉर्ड बना रही है, तब औपचारिक समारोह का आयोजन किया गया है। इस किताब की पहली छपाई में एक लाख प्रतियां छपी थीं, जिनमें से पहले छह दिन के भीतर ही 60 हजार से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं। किसी भी नॉन-फिक्शन पुस्तक के लिए यह एक बहुत बड़ी संख्या है। बहरी संस से लेकर फकीरचंद, ऑक्सफोर्ड, क्रॉसवर्ड और मिडलैंड बुक स्टोर तक, लगभग सभी चर्चित बुकस्टोर्स को अपने ऑर्डर बढ़ाने पड़े हैं।
ई-कॉमर्स कंपनियों के मोर्चे पर भी यही स्थिति है। अमेजन और फ्लिपकार्ट से लेकर ब्लिंकिट तक यह सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब बन गई है। ब्लिंकिट के अनुसार, इस किताब का ऑर्डर पहले पांच दिन में ही उन सभी किताबों के कुल मासिक ऑर्डर से ज्यादा रहा है, जिन्हें वे आमतौर पर पूरे महीने में बेचते हैं। किताब की बिक्री के साथ-साथ इसके कंटेंट को लेकर ऑनलाइन सर्च और चर्चाओं के भी नए रिकॉर्ड बने हैं।

सोमवार को आयोजित होने वाले इस औपचारिक विमोचन कार्यक्रम में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे किताब का विमोचन करेंगे। इस अवसर पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ कांग्रेस और ‘इंडिया’ ब्लॉक के दूसरे नेता भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कहा जा रहा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। कर्नाटक के साथ मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर तमिलनाडु सरकार का विवाद चल रहा है, और पिछले दिनों प्रधानमंत्री के बेंगलुरु दौरे के समय उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने उनकी मौजूदगी में बयान दिया था कि यह बांध बनकर रहेगा। माना जा रहा है कि इसी सिलसिले में बात करने के लिए विजय दिल्ली आ रहे हैं और वे सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह का भी हिस्सा बनेंगे। साथ ही, कांग्रेस के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों का मानना है कि इस बड़े इवेंट के बाद सोनिया गांधी की इस किताब के पहले संस्करण की सभी एक लाख प्रतियां पूरी तरह बिक जाएंगी और रिकॉर्ड समय में इसका दूसरा संस्करण छपने के लिए जाएगा।