भारत समाचार

सुप्रीम कोर्ट की संजय राउत को फटकार, कहा- माफी दिल से हो दिमाग से नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा है कि माफी दिल से मांगनी चाहिए, दिमाग से नहीं। अदालत ने यह टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से दायर अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान की। SCBA ने यह याचिका पत्रकार निखिल वागले और सांसद संजय राउत के खिलाफ दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान पत्रकार निखिल वागले के वकील ने उनके बिना शर्त माफी मांगने और सोशल मीडिया पोस्ट हटा लेने का हवाला देते हुए कार्यवाही बंद करने का अनुरोध किया, जिसके बाद अदालत ने राउत को एक अनुभवी राजनेता के रूप में अधिक जिम्मेदारी से काम करने की नसीहत दी।

इस पूरे विवाद की शुरुआत 11 अक्टूबर को हुई थी, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने ‘INDIA’ ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने का अनुरोध ठुकरा दिया था। CJI का कहना था कि इस मामले को अदालत में याचिका के जरिए उठाया जा सकता है। इसके बाद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले ने CJI के इस फैसले की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी। इसके अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक एक मार्च निकाला था और SIR के विरोध में 13 याचिकाएं दाखिल की थीं।

image

मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 अक्टूबर को SCBA ने अवमानना याचिका दायर की। CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच राहुल गांधी, संजय राउत और ‘INDIA’ ब्लॉक के अन्य नेताओं से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। SCBA ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि पत्रकार निखिल वागले ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर CJI के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट की थीं, हालांकि बाद में उन्होंने उन टिप्पणियों को हटा लिया था। SCBA अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील प्रदीप राय ने अदालत में यह भी कहा कि ऐसी टिप्पणियों से सर्वोच्च अदालत में आम जनता का भरोसा कमजोर हो सकता है। सुनवाई के दौरान CJI ने इस बात पर जोर दिया कि अदालतों ने हमेशा नागरिकों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की रक्षा की है, ऐसे में न्यायपालिका पर इस तरह के हमले होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

Back to top button