अमिताभ और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर ने दी चेतावनी

लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट में गैंगस्टर ने दावा किया कि वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन बना लें, उन्हें गोली मार दी जाएगी।
गैंगस्टर ने यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस द्वारा उसके दो साथियों की गिरफ्तारी के बावजूद अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की साजिश पर कोई असर नहीं पड़ा है। उसने मुंबई शहर में अपने करीब 200 साथियों के सक्रिय होने का दावा किया है।

इससे पहले, अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग करने की योजना बनाने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया था। इनमें जालंधर के रहने वाले विकास ठाकुर और तरनतारन के निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस के सहयोग से इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर 1984 के सिख दंगों को लेकर दिए गए एक कथित बयान के कारण अमिताभ बच्चन को निशाना बनाना चाहता है। हालांकि, अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ऐसे किसी भी तरह का बयान देने से साफ इनकार किया है।

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए लिखा कि इसके जिम्मेदार लोगों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने पहले आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 31 अक्टूबर 1984 को अमिताभ बच्चन ने दिल्ली के एम्स के बाहर भीड़ को उकसाया था। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान नारे लगाए थे, हालांकि इस कथित प्रसारण का कोई भी आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।
इसके अलावा, पिछले एक महीने में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास ‘जलसा’ को तीन अलग-अलग ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हाल ही में 1 नवंबर को अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान अमिताभ बच्चन पहली बार तीन तरफ से बुलेटप्रूफ शीशों से घिरे सुरक्षा घेरे में नजर आए थे, जिसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।