मनोरंजन

एचबीओ की ‘हैरी पॉटर’ सीरीज का नया वीडियो जारी, हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया की पहली झलक

प्रसिद्ध जादुई दुनिया ‘हॉगवर्ट्स’ के प्रशंसकों के लिए एक नया और रोमांचक अपडेट सामने आया है। एचबीओ (HBO) की आने वाली बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘Harry Potter and the Philosopher’s Stone’ का नया वीडियो जारी कर दिया गया है। महज डेढ़ मिनट के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। इस फुटेज में हैरी पॉटर, रॉन वीस्ली और हॉगवर्ट्स के पुराने जादुई माहौल के साथ-साथ प्रोफेसर डंबलडोर और प्रोफेसर मैकगोनागल के बीच की प्यारी बातचीत भी देखने को मिल रही है।

जारी किए गए इस खास सीन में हॉगवर्ट्स में नए सत्र की शुरुआत पर होने वाली पारंपरिक दावत का दृश्य दिखाया गया है। सॉर्टिंग हैट सेरेमनी के बाद सभी छात्र ग्रेट हॉल में भोजन के लिए एकत्रित होते हैं। इसी दौरान हैरी पॉटर (डॉमिनिक मैकलॉफलिन) अपने सहपाठी रॉन वीस्ली (एलिस्टर स्टाउट) से प्रोफेसर डंबलडोर को लेकर एक मासूम सा सवाल करता है। हैरी पूछता है कि क्या डंबलडोर थोड़े पागल हैं? इस पर रॉन मुस्कुराते हुए जवाब देता है कि उनका दिमाग थोड़ा खिसका हुआ है। इसके तुरंत बाद डंबलडोर अपनी उंगलियां चटकाते हैं और देखते ही देखते ग्रेट हॉल की मेजों पर लजीज पकवान प्रकट हो जाते हैं, जिन्हें बच्चे खुशी-खुशी खाने लगते हैं।

वीडियो का सबसे आकर्षक और गंभीर हिस्सा डंबलडोर और प्रोफेसर मिनर्वा मैकगोनागल (जेनेट मैकटीर) के बीच का संवाद है। डंबलडोर गौर करते हैं कि मैकगोनागल काफी प्रसन्न नजर आ रही हैं और मजाकिया अंदाज में उनसे पूछते हैं कि क्या वह इस बात से खुश हैं कि हैरी उनके ग्रिफिंडोर हाउस में आया है। इस पर मैकगोनागल जवाब देती हैं कि हैरी की शक्ल उसके दिवंगत पिता जेम्स जैसी है और दोनों में इतनी समानता है कि यकीन करना मुश्किल होता है। इसके जवाब में डंबलडोर पूरी गंभीरता से कहते हैं कि दिखने से धोखा हो सकता है और हैरी का स्वभाव पूरी तरह से उसका अपना है। कहानी के दृष्टिकोण से यह संवाद काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह स्पष्ट करता है कि भले ही हैरी की शक्ल अपने पिता से मिलती हो, लेकिन उसकी अपनी एक स्वतंत्र पहचान और प्रकृति है।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कई यूजर्स ने डंबलडोर और मैकगोनागल की इस बातचीत को विशेष रूप से सराहा है। एक यूजर ने लिखा कि इस संवाद से यह संकेत मिलता है कि सीरीज में किताबों और फिल्मों के मुकाबले मुख्य पात्र हैरी के अलावा अन्य किरदारों की दुनिया को भी अधिक विस्तार से दिखाया जा सकता है। वहीं, कई प्रशंसकों ने डंबलडोर और मैकगोनागल की दोस्ती के और अधिक दृश्य दिखाने की मांग की है।

एचबीओ की यह महत्वाकांक्षी सीरीज लेखिका जेके रोलिंग की लोकप्रिय उपन्यासों पर आधारित है। इसके पहले सीजन में ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ की कहानी को पर्दे पर उतारा जाएगा। सीरीज की स्टारकास्ट की बात करें तो डॉमिनिक मैकलॉफलिन हैरी पॉटर की भूमिका में हैं, जबकि एलिस्टर स्टाउट रॉन वीस्ली और अरबेला स्टैंटन हर्माइनी ग्रेंजर का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा जॉन लिथगो प्रोफेसर डंबलडोर के रूप में, जेनेट मैकटीर प्रोफेसर मैकगोनागल के रूप में, पापा एस्सिएडू प्रोफेसर स्नेप के रूप में और निक फ्रॉस्ट हैग्रिड के किरदार में नजर आएंगे। खास बात यह है कि वॉरविक डेविस एक बार फिर प्रोफेसर फ्लिटविक के रूप में इस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं।
नया प्रोजेक्ट फ्रांसेस्का गार्डिनर के लेखन और शो-रनिंग में तैयार हो रहा है, जबकि मार्क मायलॉड इसके कई एपिसोड का निर्देशन करेंगे। एचबीओ इस सीरीज के माध्यम से जेके रोलिंग की सातों किताबों की कहानी को कई सीजन में विस्तार से पेश करने की योजना बना रहा है। इसके दूसरे सीजन को पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है, जो दूसरी किताब ‘Harry Potter and the Chamber of Secrets’ पर आधारित होगा और जिसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। सीरीज का पहला सीजन आगामी 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन प्रीमियर होगा, जिससे प्रशंसकों के लिए यह तोहफा बेहद खास होने वाला है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नई स्टारकास्ट और नए कलेवर में सजी हॉगवर्ट्स की यह दुनिया पुराने दर्शकों का दिल जीतने में कितनी सफल होती है।

Back to top button