सऊदी समर्थित यमनी सेना बाब अल-मंदेब से हटी, तेल की आवाजाही पर क्या असर

सऊदी अरब के समर्थन वाले यमन के सरकारी बलों का कहना है कि वे देश की अंतरिम राजधानी अदन की रक्षा के लिए सैनिकों को सामरिक रूप से बेहद अहम बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से हटाकर दूसरी जगह तैनात कर रहे हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के साथ यमनी सेना की लड़ाई पिछले कई हफ़्तों से काफ़ी तेज़ हो गई है।
बाब अल-मंदेब स्ट्रेट लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित है और यह रणनीतिक और समुद्री व्यापार के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकारी बलों के अनुसार, सैनिकों को अदन और आसपास के इलाक़ों में अपनी स्थिति मज़बूत करने के लिए भेजा जा रहा है। सरकार समर्थित बलों ने बताया कि धुबाब एयरपोर्ट और बाब अल-मंदेब इलाक़े से सैनिकों को हटाया जा रहा है, जिसका मक़सद मोर्चे पर स्थिति मज़बूत करना और मौजूदा ख़तरों से निपटना है।

दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले मीडिया का दावा है कि उन्होंने इस ख़ाली किए गए इलाक़े पर क़ब्ज़ा कर लिया है। इस सामरिक बदलाव के साथ ही उस इलाक़े पर नियंत्रण पाने के लिए कई हफ़्तों से चल रहा सैन्य अभियान ख़त्म हो गया है। हूती विद्रोहियों ने सितंबर में अचानक किए गए हमले के दौरान इस क्षेत्र पर क़ब्ज़ा कर लिया था। सरकार समर्थित बलों ने अक्तूबर की शुरुआत में इस स्ट्रेट को सुरक्षित करने का दावा किया था, जबकि हूती लड़ाकों ने इससे एक महीने पहले पेरिम द्वीप और मोखा बंदरगाह शहर समेत कई इलाक़ों पर क़ब्ज़ा करने की बात कही थी।
इस बीच, हूती विद्रोहियों ने कहा है कि स्ट्रेट के पास के इलाक़ों पर क़ब्ज़ा करने के बावजूद वे वहां से गुज़रने वाले अंतरराष्ट्रीय जहाज़ों के लिए कोई ख़तरा नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे सऊदी अरब के जहाज़ों को निशाना बनाना जारी रखेंगे। इस घटनाक्रम और मध्य पूर्व में तनाव के बीच दुनिया भर में तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल देखा गया है। होर्मुज़ स्ट्रेट के लगभग बंद होने के कारण सऊदी अरब तेल के निर्यात के लिए मुख्य रूप से लाल सागर पर निर्भर हो गया है।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शामदासानी ने संघर्ष के सभी पक्षों से आम लोगों और नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करने की जोरदार अपील की है। उन्होंने जानकारी दी कि अगस्त में लड़ाई तेज़ होने के बाद से मारे गए और घायल हुए लोगों में 60 प्रतिशत से ज़्यादा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक, हालिया संघर्ष के कारण यमन में क़रीब 3 लाख 30 हज़ार लोग विस्थापित हुए हैं और सैकड़ों लोगों की जान गई है।
यमन में साल 2014 से गृह युद्ध चल रहा है, जब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना से सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था। इसके बाद 2015 में सऊदी के नेतृत्व वाले अरब देशों के गठबंधन ने सरकार की बहाली के लिए सैन्य हस्तक्षेप किया था। चार साल से चल रहा अनौपचारिक युद्धविराम जुलाई में टूटने लगा, जिसके बाद हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के ख़िलाफ़ समुद्री नाकेबंदी का एलान करते हुए हमले तेज कर दिए थे।