राजनीति

मुंबई में यहूदी ठिकानों की रेकी का मामला, लॉरेन्स बिश्नोई एंगल की जांच

मुंबई में यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी के मामले में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इस मामले में नवी मुंबई के रहने वाले यश सिंह नाम के शख्स की गिरफ्तारी हुई है, जिस पर मुंबई के यहूदी ठिकानों की जानकारी जुटाने और उनकी तस्वीरें लेने का आरोप है। इन ठिकानों में चबाड हाउस भी शामिल है। महाराष्ट्र एटीएस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद केरल पुलिस को सौंप दिया, जिसके बाद रविवार को उसे केरल लाया गया और अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यश को गुरुमूर्ति नाम के व्यक्ति ने अपने साथ जोड़ा था। गुरुमूर्ति को केरल पुलिस ने ओट्टापलम से गिरफ्तार किया था और उस पर ऑनलाइन हैंडलर के निर्देश पर फिल्मी सितारों की तस्वीरें लेकर पैसे हासिल करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि गुरुमूर्ति और यश पिछले कई महीनों से संपर्क में थे, और सूत्रों का दावा है कि गुरुमूर्ति ने कई बार यश को पैसे भी भेजे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों को काम सौंपने वाले लोग कौन थे और उन्हें किसके निर्देश मिल रहे थे।

केरल के पुलिस प्रमुख रावड़ा ए. चंद्रशेखर के अनुसार, गुरुमूर्ति को अलग-अलग जगहों की तस्वीरें लेने जैसे काम दिए जाते थे। वह कई टेलीग्राम चैनलों के संपर्क में था और तस्वीरें ऑनलाइन हैंडलर को भेजता था, जिसके बदले उसे क्रिप्टोकरेंसी और गूगल पे के जरिए पैसे मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस अब इस मामले की कड़ियां कोच्चि के एक आगजनी केस से भी जोड़कर देख रही है। पिछले महीने एर्नाकुलम मार्केट में सिनेगॉग के सामने स्थित ब्लॉसम नर्सरी में आग लगाने के आरोप में एबिन पॉल को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी जांच एनआईए कर रही है। जांच एजेंसियों को पता चला है कि एबिन भी ऑनलाइन हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था और उसने इंटरनेट पर लॉरेंस बिश्नोई के बारे में जानकारी खोजी थी तथा टेलीग्राम पर उससे जुड़े संदर्भ वाले संदेशों का आदान-प्रदान किया था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यश, गुरुमूर्ति और एबिन के मामले आपस में जुड़े हैं या नहीं।

त्रिशूर के पुलिस कमिश्नर नकुल राजेंद्र देशमुख ने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसे समूह की आशंका सामने आई है जो पहले संभावित ठिकानों की रेकी करता है और फिर आगे की कार्रवाई की तैयारी करता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में और लोगों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि आरोपियों का संबंध बिश्नोई गैंग से है या किसी आतंकी संगठन से। केरल के पुलिस प्रमुख ने साफ किया है कि राज्य में बिश्नोई गैंग की किसी संगठित मौजूदगी के संकेत नहीं मिले हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है और यश की हिरासत मांगने के लिए अदालत में अर्जी भी दाखिल की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एनआईए इस जांच को अपने हाथ में ले सकती है।

Back to top button