भारत समाचार

उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख की बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद आज ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार, प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 दर्ज की गई है। इसके अलावा, तीसरे लिंग के 4,042 मतदाता भी सूची में शामिल हैं।

image

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष और 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला मतदाता शामिल थीं। SIR के बाद जारी इस ड्राफ्ट सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा दर्ज किया गया है। इस प्रकार पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या में करीब 3 लाख 9 हजार अधिक बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, युवा मतदाताओं की संख्या में 5.80 लाख की कमी दर्ज की गई है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 दर्ज की गई है, जबकि 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने स्पष्ट किया है कि यह कमी इसलिए आई है क्योंकि 19 साल के मतदाता अब 20 साल के हो चुके हैं, इसलिए उनकी गिनती अब युवा मतदाताओं में नहीं की गई है। आने वाले समय में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान नए युवा मतदाता जुड़ने पर यह आंकड़ा बढ़ जाएगा।

image

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम सूची में जुड़वाने, विवरण में सुधार कराने या किसी अपात्र नाम को हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7, पता बदलवाने, विवरण में सुधार, ईपीआईसी कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8, तथा विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए का उपयोग किया जा सकता है।

Back to top button