उत्तराखंड के टिहरी में गूलर के पास पुल से गिरी बस, छह लोगों की मौत और 20 घायल

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के समीप हुआ। विश्वनाथ सेवा की यह बस लगभग 30 से 35 यात्रियों को लेकर मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान गूलर के पास बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। एसएसपी श्वेता चौबे ने जानकारी दी कि हादसे में चार लोगों के शव मौके से बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य लोगों के खाई में गिरे होने की पुष्टि हुई है, जिन्हें तलाशने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, बस से अब तक कुल 20 घायलों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 गंभीर रूप से घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मौके पर पुलिस बल और राहत दल लगातार समन्वय बनाकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी घायलों की सूची के अनुसार, इस दुर्घटना में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, असम और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के यात्री घायल हुए हैं। घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी (22, दुमका, झारखंड), राहुल कुमार (24, पटना, बिहार), अभिषेक (28, ऊधमसिंहनगर), प्रत्यूष (23, ऊधमसिंहनगर), अर्जुन सौरन (34, दुमका, झारखंड), बुधन मुर्मू (50, दुमका, झारखंड), 3 वर्षीय आयरा और नूर जहां (26, दोनों निवासी गुवाहाटी, असम), राजकुमार (32, दुमका, झारखंड), जतिन (21, शाहदरा, दिल्ली), पंकज नेगी (31, रुद्रप्रयाग), संतोष कुमार (38, जहानाबाद, बिहार) और वीरेंद्र सिंह (58, कर्णप्रयाग, चमोली) शामिल हैं।
दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है, और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।