ताज़ा खबरें

बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान की आशंका, छत्तीसगढ़ समेत तटीय राज्यों में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना के चलते देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक वायुमंडलीय डिप्रेशन विकसित हुआ है, जिसके सोमवार को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की आशंका है। इस संभावित तूफान को ‘अकवान’ नाम दिया जा सकता है, हालांकि इसकी वास्तविक तीव्रता और दिशा आगामी मौसम संबंधी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर से बादलों की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। विशेष रूप से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। हालांकि, अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।

image

यदि यह प्रणाली चक्रवाती तूफान का रूप लेती है, तो पिछले करीब तीन सप्ताह के भीतर बंगाल की खाड़ी में बनने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। मौसम संबंधी ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, करीब 13 वर्षों बाद ऐसी स्थिति बनने की संभावना है जब 25 दिनों से कम अवधि में बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती तूफान विकसित हों। इससे पहले वर्ष 2013 में 19 नवंबर को ‘हेलेन’, 23 नवंबर को ‘लहर’ और 6 दिसंबर को ‘माडी’ चक्रवाती तूफान बने थे।

इस बीच छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

image

संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में संभावित आपदा से निपटने के लिए एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को भी सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, डिप्रेशन निम्न दबाव की एक सशक्त मौसमी प्रणाली होती है, जिसमें सतह पर लगातार चलने वाली हवाओं की गति 17 से 33 नॉट यानी लगभग 31 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। अनुकूल समुद्री और वायुमंडलीय परिस्थितियां मिलने पर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना बढ़ जाती है।

image

फिलहाल मौसम विभाग का कहना है कि संभावित चक्रवाती तूफान के सटीक मार्ग और तट से टकराने यानी लैंडफॉल के स्थान का अभी निर्धारण नहीं किया जा सकता है। अगले 24 घंटों में इसकी दिशा और संभावित लैंडफॉल को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है, और संबंधित तटीय राज्यों को मौसम की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Back to top button