थाली पर महंगाई की मार: लहसुन 200 के पार, प्याज-टमाटर के दाम भी बढ़े

सब्जियों की बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों के खानपान और रसोई के बजट पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। महंगाई के चलते लोगों की थाली से धीरे-धीरे पसंदीदा सब्जियां गायब होने लगी हैं। टमाटर, प्याज और लहसुन के बढ़ते दामों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है, जिसके कारण लोग अब अपनी पसंद के बजाय केवल अपनी जेब के हिसाब से सब्जियां खरीदने को मजबूर हैं।
पहले जिन सब्जियों को लोग नियमित रूप से भोजन में शामिल करते थे, दाम अधिक होने के कारण अब उनकी मात्रा कम कर दी गई है। कई परिवारों ने महंगी सब्जियों की जगह दूसरी विकल्पों को अपने भोजन में शामिल करना शुरू कर दिया है। बीते एक महीने में सब्जियों के दाम में काफी उछाल आया है, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, टमाटर पिछले एक महीने में 40 रुपये से बढ़कर 70 से 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, लहसुन 170 रुपये से बढ़कर 210 से 220 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इसके अलावा प्याज के दाम 50 रुपये से बढ़कर 60 से 70 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। आलू की कीमत भी 20 रुपये से बढ़कर 25 से 30 रुपये किलो तक पहुंच गई है। हरी सब्जियों में लौकी 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये और कद्दू 25 से बढ़कर 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
बढ़ती कीमतों से जूझ रहे आम लोगों का कहना है कि उनकी आमदनी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। महंगाई के इस दौर में पहले लोग सप्ताह भर की सब्जियां एक साथ खरीद लेते थे, लेकिन अब स्थिति यह है कि जरूरत के अनुसार ही थोड़ी-थोड़ी खरीदारी करनी पड़ रही है।
इस स्थिति पर सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। ग्रेटर नोएडा के एक सब्जी विक्रेता अनुज का कहना है कि ग्राहक बाजार आते हैं और काफी देर तक एक-एक करके सब्जियों के दाम पूछते रहते हैं, खासकर टमाटर, प्याज और लहसुन के बारे में। उन्होंने बताया कि खरीदने से पहले लोग कई बार सोच-विचार करते हैं और बढ़ती कीमतों के कारण अब जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीद रहे हैं।
ग्राहक अजय ने बताया कि वे पहले एक साथ दो से तीन दिनों की सब्जियां खरीदकर ले जाते थे, लेकिन अब दाम इतने बढ़ गए हैं कि रोजाना बाजार आकर जरूरत के मुताबिक थोड़ी-थोड़ी सब्जी खरीदनी पड़ रही है। एक अन्य ग्राहक शाहिद का कहना है कि पहले 100 रुपये लेकर बाजार आते थे और तीन से चार दिन की सब्जी मिल जाती थी, लेकिन अब महंगाई इतनी बढ़ गई है कि हर चीज बहुत सोच-समझकर लेनी पड़ती है।

ग्राहक शाहरुख ने भी यही बात दोहराई और कहा कि महीनेभर पहले की तुलना में लगभग सभी सब्जियों के दाम बढ़ चुके हैं। बाजार में सब्जी खरीदने से पहले अब उनके रेट की पूरी जानकारी लेनी पड़ती है और महंगाई के कारण खरीदारी काफी सीमित करनी पड़ रही है।